15 सितंबर से दिल्ली-देवघर की दूसरी नाइट फ्लाइट:गुवाहाटी, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए भी जल्द उड़ानें, अंतिम चरण की तैयारियां जारी

15 सितंबर से दिल्ली-देवघर की दूसरी नाइट फ्लाइट:गुवाहाटी, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए भी जल्द उड़ानें, अंतिम चरण की तैयारियां जारी

देवघर एयरपोर्ट से यात्रियों के लिए सितंबर से नवंबर तक कई नई दिन और रात की उड़ानें शुरू होने जा रही हैं। इसकी शुरुआत 15 सितंबर से दिल्ली के लिए दूसरी नाइट फ्लाइट के साथ होगी। भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने बताया कि शाम को दिल्ली से देवघर और रात में देवघर से दिल्ली के लिए विमान उड़ान भरेंगे। यह सुविधा यात्रियों को दिल्ली से जुड़ने का और बेहतर विकल्प देगी। सितंबर में ही देवघर से गुवाहाटी के लिए भी उड़ान शुरू होगी, जिससे बाबा वैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और सत्संग आश्रम के अनुयायियों को सुविधा मिलेगी। साथ ही मां कामाख्या के दर्शन के इच्छुक यात्रियों के लिए भी यह उड़ान लाभकारी साबित होगी। मुंबई के लिए रोजाना उड़ान और बेंगलुरु में नया समय जानकारी के मुताबिक अक्टूबर और नवंबर के बीच देवघर से मुंबई के लिए सातों दिन उड़ान उपलब्ध होगी। अभी मुंबई के लिए सीमित दिनों में उड़ान मिलती है, लेकिन नई सेवा के बाद यात्रियों को प्रतिदिन यह सुविधा मिलेगी। बेंगलुरु के लिए दिन की फ्लाइट के बाद अब शाम में भी एक और उड़ान शुरू होगी। जिससे दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे। इसके अलावा देवघर से हैदराबाद के लिए भी उड़ान सेवा इन्हीं महीनों में शुरू होगी। इन सभी नई सेवाओं का संचालन इंडिगो एयरलाइंस द्वारा किया जाएगा, जिससे पूर्वी भारत से देश के विभिन्न हिस्सों में बेहतर हवाई कनेक्टिविटी बनेगी। पर्यटन और धार्मिक स्थलों के लिए बढ़ेगी सुविधा आने वाले समय में देवघर, बाबा वैद्यनाथ मंदिर, बाबा बासुकीनाथ मंदिर, सत्संग आश्रम, रिखिया योगपीठ, सम्मेद शिखर, पारसनाथ, मंदार, विक्रमशिला और चंपापुरी जैसे धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह एयरपोर्ट सुविधाजनक साबित होगा। इन उड़ानों के शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और झारखंड के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों की आर्थिक गतिविधियों पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *