सुप्रीम कोर्ट का फैसला आते गोस्वामी गाने लगीं ‘बधाई गीत’:बोलीं- ठाकुरजी ने हमें अपने पास रखा, अब यूपी सरकार की ट्रस्ट पर रोक लगी

सुप्रीम कोर्ट का फैसला आते गोस्वामी गाने लगीं ‘बधाई गीत’:बोलीं- ठाकुरजी ने हमें अपने पास रखा, अब यूपी सरकार की ट्रस्ट पर रोक लगी

स्पॉट : बांके बिहारी मंदिर, वृंदावन समय : दोपहर 2 बजे, 8 अगस्त वृंदावन के बांके बिहारी का माहौल अचानक बदल गया। जो गोस्वामी परिवार की महिलाएं कॉरिडोर प्रोजेक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थीं, वह ठाकुरजी की तरफ देखते हुए बधाई गीत गाने लगती हैं। माहौल भक्तिमय पहले से था, अब लोग भावुक नजर आने लगते हैं। जो भक्त मंदिर में पहुंच रहे थे, वह बदले हुए दृश्य का कारण जानने का प्रयास करने लगते हैं, महिलाएं हंसते हुए कहती हैं- जो हमारे ठाकुरजी को परेशान करना चाहते थे, उनकी हार हुई। ठाकुरजी ने हमें अपने पास रखा। जय हो बिहारीजी की। बधाई गीत गाती हैं- मेरे ठाकुरजी की फूल गई फुलवाड़ी…। गोस्वामी परिवार की महिलाओं के साथ भक्त भी शामिल हो जाते हैं। अब कोर्ट ने ऐसा क्या आदेश दिया? इसका क्या असर होगा? ये जानने के लिए दैनिक भास्कर टीम बांके बिहारी मंदिर पहुंची। गोस्वामी परिवार की महिलाओं और वृंदावन के लोगों से बात की। पढ़िए रिपोर्ट… दरअसल, बांके बिहारी मंदिर में 72 दिनों से गोस्वामी परिवार और उनकी महिलाओं का प्रदर्शन चल रहा था, शुक्रवार को भी महिलाएं मंदिर के एक कोने में बैठकर कॉरिडोर प्रोजेक्ट और यूपी सरकार के मंदिर प्रबंधन के लिए बनाए जा रहे ट्रस्ट का विरोध कर रही थी। दूसरी तरफ, 8 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में इन मामलों में सुनवाई चल रही थी। कोर्ट में वृंदावन के लोगों की तरफ से दर्ज 4 याचिकाओं पर जिरह चल रही थी। कोर्ट ने कहा- बांके बिहारी मंदिर न्यास अध्यादेश, 2025 के तहत समिति के संचालन को सस्पेंड किया जा रहा है। कोर्ट ने अध्यादेश की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिका को हाईकोर्ट ट्रांसफर किया है। कोर्ट ने बांके बिहारी ट्रस्ट पर अस्थाई रोक लगा दी। दरअसल, 15 मई को सुप्रीम कोर्ट ने दो बड़े आदेश दिए थे: पहला- यूपी सरकार मंदिर के फंड का इस्तेमाल कर सकेगी, ताकि बांके बिहारी कॉरिडोर को विकसित किया जा सके। दूसरा- मंदिर के आसपास की 5 एकड़ भूमि अधिग्रहण करने की अनुमति दी। शर्त यह थी कि अधिग्रहित भूमि ठाकुरजी के नाम पर पंजीकृत होगी। वृंदावन के लोगों ने 4 याचिकाएं कोर्ट में दाखिल कीं
इसके बाद 26 मई को यूपी सरकार ने अध्यादेश- 2025 जारी किया। इसमें मंदिर की देखभाल के लिए ट्रस्ट (न्यास) बनाने की व्यवस्था की गई। इसमें मंदिर का प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की जिम्मेदारी ‘श्री बांके बिहारी जी मंदिर न्यास’ द्वारा संभाली जानी थी। इसमें 11 सदस्य मनोनीत होने थे, जबकि 7 सदस्य पदेन हो सकते हैं। इसके खिलाफ 27 मई को वृंदावन के देवेंद्र गोस्वामी, सोहन मिश्रा, रजत गोस्वामी और व्यापारियों की तरफ से 4 याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गईं। चौथी सुनवाई में कोर्ट ने गोस्वामियों के पक्ष में स्टेटमेंट दिया
कोर्ट में 1-1 करके 3 सुनवाई हुई। 8 अगस्त को चौथी सुनवाई चल रही थी। गोस्वामी की तरफ से जिरह कर रहे एडवोकेट एनके गोस्वामी ने बताया- सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जब तक हाईकोर्ट इस मामले पर फैसला नहीं ले लेता, तब तक समिति को स्थगित रखा जाएगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि इस बीच मंदिर की सुचारू व्यवस्था के लिए एक और समिति का गठन किया जाएगा। जिसकी अध्यक्षता हाईकोर्ट के एक पूर्व जज करेंगे। समिति में कुछ सरकारी अधिकारी और गोस्वामियों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जो मंदिर के पारंपरिक संरक्षक ही होंगे। सरकारी हठधर्मिता को धक्का लगा होगा
कोर्ट के फैसले पर दैनिक भास्कर ऐप टीम ने मंदिर से जुड़े लोगों से बात की। धर्म रक्षा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सौरभ गौड़ कहते हैं- आज का दिन वृंदावन के लोगों के लिए बहुत बड़ा है। सुप्रीम कोर्ट ने वृंदावन के लोगों की भावनाओं को समझा। यूपी सरकार, जिस ट्रस्ट को बना रही थी, उस पर स्टे हो गया है। अब हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज वृंदावन के लोगों से बात करके उनकी समस्याओं को समझेंगे। हम इसलिए भी खुश हैं, क्योंकि सरकार की हठधर्मिता को धक्का लगा होगा। हमारे मंदिर का सरकारीकरण कर देना चाहते हैं। हमारी कुंज गलियों को तोड़कर उनके स्थान पर कॉरिडोर बनाना चाहते थे, हमें उम्मीद है कि आने वाले वक्त में भी कोर्ट के द्वारा सत्य की ही जीत होगी। आगे भी जो होगा, अच्छा ही होगा। ये प्राइवेट मंदिर, कॉरिडोर यमुना पार बना लें
हम ये लगातार साबित कर रहे है कि बांके बिहारी एक प्राइवेट मंदिर है। किसी भी तरीके से इसका अधिग्रहण स्वीकार नहीं होगा। सरकार हर हाल में मंदिर के फंड को इस्तेमाल करना चाहती है, ये गलत है। कॉरिडोर को लेकर इतनी जल्दबाजी क्या है? हमारा सुझाव है कि अगर कॉरिडोर बनाना है, तो यमुना के पार बनाएं। जो खाली स्थान पड़े हुए हैं, वहां बना लें। ये गोस्वामी परिवार की महिलाओं की जीत
श्री नाथ गोस्वामी कहते हैं- ये बहुत अच्छा हुआ है कि केस इलाहाबाद हाईकोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया है। यूपी सरकार के अध्यादेश पर जो अस्थाई रोक लगी है, उससे बहुत मदद होगी। गोस्वामी परिवार की महिलाएं 72 दिन से मंदिर में हर रोज प्रदर्शन कर रही थी, ये उनकी जीत हुई है। आज का दिन बहुत बड़ा है, यह सब ठाकुरजी की इच्छा से ही तो हो रहा है। कोई उनके स्थान को कैसे ले सकता है। ——————————- ये भी पढ़ें : बांके बिहारी मंदिर के पास 360 करोड़ रुपए:महीने में एक बार खुलती है दान पेटी; 110 गोस्वामी परिवार देते हैं ड्यूटी मथुरा के वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर में कॉरिडोर बनना लगभग तय हो गया है। सर्वे का काम करीब-करीब पूरा हो गया है। लेकिन विरोध जारी है। गोस्वामी परिवार विरोध में है, लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके मन में कई तरह की आशंका है। डर इस बात का भी है कि कॉरिडोर बनने के बाद कहीं मंदिर की जिम्मेदारी उनके हाथ से न निकल जाए। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *