मेरठ में शनिवार सुबह 30 साल के असलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक से आए बदमाश ने युवक के सिर में पीछे से सटाकर गोली मारी। आनन-फानन उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात सुबह 7.41 बजे लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर की है। गोली मारते बदमाश CCTV में कैद हुआ है। घायल असलम 7 भाइयों में चौथे नंबर का था। पुलिस के मुताबिक, परिवार की किसी से रंजिश है, जिसकी चलते असलम को गोली मारी गई। लगभग डेढ़ साल पहले भी असलम पर हमला हुआ था, तब भी उसको गोली लगी थी। लेकिन, वो बच गया था। असलम के परिवार में उसकी पत्नी और डेढ़ साल की बेटी है। असलम बावर्ची था। पत्नी फरीदा का आरोप है कि देवर शहंशाह ने प्रॉपर्टी के विवाद में पति की हत्या कराई है। इसी देवर से मुकदमा भी चल रहा है। पहले भी इसी देवर ने असलम पर हमला कराया था। देवर परिवार सहित मकबरा डिग्गी में रेलवे रोड थाना क्षेत्र में रहता है। भाइयों में प्रॉपर्टी की रंजिश चल रही है। पुलिस ने दो रिश्तेदारों को हिरासत में लिया है। ढाई मिनट के CCTV में क्या दिख रहा, 3 तस्वीरें- वारदात का ढाई मिनट का CCTV सामने आया है। जिसमें दिख रहा कि तिराहे पर कुछ बच्चे स्कूल बैग लिए आ-जा रहे हैं। ये बच्चे मदरसा स्टूडेंट बताए जा रहे हैं, क्योंकि आज रक्षाबंधन पर स्कूल बंद हैं। इसी बीच कोई आवाज सुनकर कई लोग दौड़कर सड़क पर पहुंचते हैं। कुछ गाड़ियां रोड पर आ-जा रही हैं। इसी बीच असलम तिराहे पर पैदल पहुंचता है। उसके पीछे एक बदमाश टोपी लगाकर पहुंचता है। असलम मोबाइल चलाते हुए पैदल चल रहा। इसी बीच बदमाश पीछे से तमंचा तानता है और असलम के सिर में सटाकर गोली मार देता है। गोली लगते ही असलम मुंह के बल रोड पर गिर जाता है। बदमाश पीछे भाग जाता है। जिस वक्त गोली मारी, तिराहे पर 10 से 15 लोग दिख रहे हैं। मजबूरन ये लोग कुछ कर नहीं सके। बदमाश के भागते ही करीब 30 लोग वहां जुट जाते हैं। कुछ लोग युवक सड़क पर तड़प रहे असलम को देखते हैं तो कुछ बदमाश की ओर दौड़ते हैं। देखते ही देखते वहां करीब 50 लोग जुट जाते हैं। फिर असलम को हॉस्पिटल ले जाया जाता है।
घर से 500 कदम दूरी पर वारदात
लिसाड़ी गेट निवासी अनीस के बेटे असलम की हत्या हुई है। अनीस के भाई बिलाल ने बताया- सुबह पड़ोसी दुकानदार घर आया। उसने बताया कि तुम्हारे भतीजे को बीच सड़क पर गोली मार दी गई है। इसके बाद हम वहां पहुंचे, देखा तो भाई घायल पड़ा था। तुरंत पुलिस को सूचना दी। उसको पीएल शर्मा अस्पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। असलम घर से किसी काम से सुबह करीब 7.30 बजे पैदल निकला था। महज 500 कदम की दूरी तक पहुंचा था, तभी बदमाश ने गोली मार दी। बाइक से आए थे 2 बदमाश
मौके पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस के अलावा ACP अंतरिक्ष जैन, SP सिटी आयुष विक्रम सिंह भी पहुंचे। पुलिस ने आसपास के इलाके की कई CCTV फुटेज कब्जे में ली है। CCTV में दिखा है कि एक बाइक पर दो बदमाश आए। बाइक पर पीछे एक बदमाश लाल रंग की कैप और काली शर्ट पहने बैठा था। यही बदमाश बाइक से उतरता है और असलम को गोली मारकर बाइक पर बैठकर फरार हो जाता है। SP सिटी बोले- भाइयों और रिश्तेदारों की रंजिश चल रही
SP सिटी आयुष विक्रम सिंह ने कहा- पूछताछ में परिजनों ने बताया कि भाइयों और रिश्तेदारों से साल 2022-23 से रंजिश चल रही है। भाइयों का प्रॉपर्टी का विवाद चल रहा है। इसका केस कोर्ट में चल रहा है। परिजनों ने कुछ लोगों पर आरोप लगाया है। अभी दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस की 3 टीमें लगी हैं। इसमें स्वाट टीम भी शामिल है। आसपास के लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस को 112 नंबर पर सूचना मिली कि मजीद नगर में असलम नाम के युवक को गोली मारी गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल असलम को पीएल शर्मा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है।
मेरठ में युवक की हत्या का लाइव VIDEO:भीड़ के सामने बदमाश ने सिर में सटाकर गोली मारी, बाइक से आए थे हमलावर
