यमुनानगर जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही कार की टक्कर से 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गया है। हादसा सढौरा-बिलासपुर रोड स्थित कुराली अड्डा के पास हुआ, जहां आरोपी कार ड्राइवर टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया, जबकि घायल को अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान संजीव कुमार गांव कपूरी निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। 15 दिन बाद काम से घर लौट रहा था व्यासपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में रणधीर सिंह ने बताया कि उनके परिवार में तीन भाई हैं, जिनमें सबसे बड़ा भाई संजीव कुमार (उम्र लगभग 42 वर्ष) था उसके तीन बच्चे (दो लड़कियां और एक लड़का) हैं। संजीव कुमार अंबाला जिले के गांव गोगलगढ़ में गन्ना क्रेशर पर काम करता था और हर 15-20 दिन बाद घर आता था। रणधीर सिंह ने बताया कि, शनिवार को वह अपने घर पर मौजूद था, तभी शाम करीब 7 बजे उसके भाई संजीव कुमार ने किसी अन्य व्यक्ति के मोबाइल से फोन करके उसे सूचित किया कि वह सढौरा-बिलासपुर रोड पर कुराली अड्डा के पास खड़ा है और उसे वहां से ले जाने के लिए कहा। छोटे भाई के सामने तेज रफ्तार कार ने कुचला इस पर रणधीर सिंह अपनी बाइक लेकर करीब 7:30 बजे कुराली अड्डा पहुंचा। वहां उसने देखा कि उसका भाई सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान सढौरा की तरफ से एक सफेद रंग की कार तेज रफ्तार और लापरवाही से आती हुई दिखाई दी, जिसने सीधे उसके भाई संजीव कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही संजीव कुमार सड़क पर गिर गया और उसे गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद कार चालक कुछ समय के लिए मौके पर रुका और नीचे उतरकर आया, लेकिन जैसे ही उसने घायल की हालत देखी, वह डरकर अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। आज होगा शव का पोस्टमार्टम इसके बाद उसने राहगीरों की मदद से एक निजी वाहन रोका और अपने घायल भाई को तुरंत सरकारी अस्पताल सढौरा लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे सिविल अस्पताल जगाधरी रेफर कर दिया। वहां एम्बुलेंस के जरिए ले जाने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद संजीव कुमार को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही व्यासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया, जिसका आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी नरेश पाल ने बताया कि आरोपी कार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
यमुनानगर में एक्सीडेंट से 3 बच्चों के पिता की मौत:भाई के सामने तेज रफ्तार कार ने कुचला, 15 दिन बाद काम से लौट रहा था
