गुरुग्राम में कुत्तों को लेकर भिड़ीं महिलाएं, VIDEO:बाल खींचे, सड़क पर लिटाकर पीटा; टीम पकड़ने आई थी; विरोध करने पर उलझीं

Spread the love

हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार को आवारा कुत्तों को पकड़ने गई नगर निगम की टीम और डॉग लवर्स में कहासुनी हो गई। कहासुनी के दौरान इन कुत्तों को पकड़वाने और छुड़वाने को लेकर दो परिवार की महिलाएं ही आपस में भिड़ गईं। दरअसल, नगर निगम की टीम जब इन आवारा कुत्तों को पकड़ने लगी तो कुछ डॉग लवर्स ने इसका विरोध शुरू कर दिया। कुत्तों से परेशान दूसरे परिवारों ने उन्हें सरकारी काम के बीच न आने की हिदायत दी तो दोनों में बहस छिड़ गई। देखते ही देखते मामूली बहस ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों परिवारों की महिलाओं ने एक दूसरे को पीटना शुरू कर दिया। झगड़े के वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें महिलाएं एक दूसरे के बाल खींचते हुए गालियां भी दे रही हैं। इसी दौरान एक महिला दूसरी को जमीन पर गिराकर पीटने लगती है। मामला बढ़ता देख पूरी कॉलोनी के लोग भी इकट्ठा हो जाते हैं। उधर, निगम की कार्रवाई के दौरान डॉग लवर्स द्वारा टीम के साथ बदसलूकी का भी आरोप है। आरोप है कि उन्होंने नगर निगम के ड्राइवर से गाड़ी की चाबी छीनने की कोशिश की और टीम के फोन छीनकर घर के अंदर घुस गए। निगम कर्मियों का कहना है कि दो दिन पहले ही कुछ लोगों ने कुत्तों के हमलों और डर के माहौल की शिकायत की थी, जिस पर टीम मौके पर पहुंची। दो परिवार की महिलाएं उलझीं दरअसल, आज सुबह ही गुरुग्राम के वार्ड 31 की मियां वाली कॉलोनी, लाजपत नगर और जवाहर नगर इलाकों में नगर निगम ने कुत्तों को पकड़ने का अभियान चलाया था। इसी दौरान मियां वाली कॉलोनी में दो परिवार आपस में भिड़ गए। सड़क पर महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल नोचे, मारपीट की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मौके पर मौजूद भाजपा नेता अनु यादव और कई समाजसेविका सहित स्थानीय निवासियों ने बार-बार शांति की अपील की, लेकिन महिलाएं एक दूसरे को पीटती रहीं। कुत्तों के आतंक से लोग परेशान उधर, डॉग लवर्स ने नगर निगम की टीम को कोई सहयोग नहीं दिया। कुत्तों को पकड़ने की शिकायत करने वाले लोगों का कहना कुत्तों के हमलों से खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर ही चिंता होती है। डॉग लवर्स ने किया विरोध वहीं डॉग लवर्स ने कुत्तों की नसबंदी और पकड़ने का विरोध किया और इनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने की मांग की। उनका कहना है कि जानवरों पर अत्याचार करना गलत है। इस बारे में नगर निगम प्रवक्ता सत्यवीर रोहिल्ला ने बताया कि आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के अनुसार नसबंदी और नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे है। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। नगर निगम टीमें अपना काम सही से कर रही है।