सोनीपत के गढ़ी सराय नामदाखां गांव से तीन वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण का मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर तुरंत सक्रिय हुई पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर न केवल बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी बच्ची का रिश्ते में मौसा लगता है, जिसने पारिवारिक रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की मुस्तैदी और तकनीकी जांच के चलते बच्ची को दिल्ली के मयूर विहार क्षेत्र से सुरक्षित छुड़ाया गया। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस एसीपी राहुल देव ने बताया कि कंट्रोल रूम में सूचना मिली थी कि गोहाना के गढ़ी सराय नामदाखां गांव से एक तीन वर्षीय बच्ची लापता हो गई है। शुरुआती सूचना में बताया गया कि एक व्यक्ति बच्ची को अपने साथ ले गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी और पूछताछ से हुआ किडनैपिंग का खुलासा परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कोर्ट परिसर से संबंधित व्यक्ति को ट्रेस किया और चौकी प्रभारी द्वारा उससे पूछताछ की गई। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि बच्ची का अपहरण किया गया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने आरोपी का दिल्ली तक पीछा किया पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा करते हुए दिल्ली तक दबिश दी। आखिरकार मयूर विहार इलाके से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद बच्ची का मेडिकल करवाकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया, जिससे परिवार ने राहत की सांस ली। आरोपी रिश्ते में मौसा, बिहार ले जाने की थी योजना पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शशि, जो बिहार के मुजफ्फरपुर के फुलवरिया गांव का रहने वाला है, रिश्ते में बच्ची का मौसा लगता है। आरोपी बच्ची को बिहार ले जाने की फिराक में था, लेकिन रात के समय ट्रेन नहीं मिलने के कारण वह अगले दिन सुबह निकलने की योजना बना रहा था।
पारिवारिक विवाद बना अपहरण की वजह प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का अपने साढ़ू के साथ विवाद चल रहा था। दो-तीन दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने बच्ची का अपहरण कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस को चार घंटे देरी से सूचना मिली एसीपी राहुल देव ने बताया कि पुलिस को इस घटना की सूचना करीब 4 घंटे देरी से मिली थी। इसके बावजूद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तेजी से कार्रवाई की और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की। आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा एसीपी ने चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस कर्मचारियों के कार्य की सराहना की है और कहा कि पुलिस की सर्तकता ने ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।
गोहाना में 3 वर्षीय बच्ची किडनैप, दिल्ली से बरामद:किडनैपर मौसा भी दबोचा; पारिवारिक रंजिश थी, बिहार ले जाने की तैयारी में था
