कैथल में ट्रक ने युवक को कुचला:ढाबे पर काम कर वाहन के नीचे सो रहा था; ड्राइवर फरार

Spread the love

कैथल जिले के गांव थेह मुकेरिया में एक ट्रक ड्राइवर ने ट्रक के नीचे सो रहे युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वह ढाबे पर सफाई कर्मचारी था और काम समाप्त करने के बाद ट्रक के नीचे सो गया था। जैसे ही युवक को नींद आई, तो ट्रक का ड्राइवर अपने ट्रक को लेकर चलने लगा। इस दौरान ट्रक का टायर युवक के ऊपर से निकल गया, जिसे उसकी मौत हो गई। भाई के बयान पर केस दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ढाबे पर सफाई कर्मी था युवक के भाई काली ने बताया कि उसका बड़ा भाई करीब 25 वर्षीय टिंकू थेह मुकेरिया में एक ढाबे पर काम करता था। उस ढाबे पर ट्रक ड्राइवरों का आना-जाना लगा रहता है और वह वहीं पर जलपान करते हैं। उसका भाई टिंकू बर्तनों की सफाई संबंधित काम निपटाकर ट्रक के नीचे सो गया। अचानक ट्रक के ड्राइवर ने बिना इधर-उधर देखे ट्रक को स्टार्ट कर लिया और उसके भाई को कुचलकर फरार हो गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मृतक के परिवार में उसका एक भाई, एक बहन व मां है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस गुहला थाना एसएचओ सनेष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।