खाना बनाते समय सिलेंडर फटा, भाई-बहन की मौत:वाराणसी में धमाके के बाद पूरा मकान ढहा, आसपास के घरों में दरारें आईं

Spread the love

वाराणसी में मंगलवार सुबह 8 बजे खाना बनाते समय गैस सिलेंडर फट गया। धमाके में पूरा मकान ढह गया। भाई-बहन की मौत हो गई। मां और बड़ा बेटा मलबे में दब गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला और बीएचयू ट्रामा सेंटर में भेजा। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के कई मकानों में दरारें आ गईं। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। मदद के लिए दौड़ पड़े। हादसे में जिनकी जान गई, उनकी पहचान अमन चौधरी (31) और प्रीति उर्फ लक्ष्मी (24) के रूप में हुई है। हादसे के वक्त घर में 4 लोग ही मौजूद थे। घटना काशी विश्वनाथ मंदिर से 7 किलोमीटर दूर लहरतारा क्षेत्र में हुई। एडीसीपी वरुणा जोन नीतू कादयान ने बताया- एक मंजिला मकान गिरने की सूचना मिली थी। हादसा सिलेंडर फटने की वजह से हुआ। फील्ड यूनिट और फायर कर्मी मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों की मदद से 4 लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने 2 को मृत घोषित कर दिया। 3 तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ लीजिए… लहरतारा इलाके में गिरिजा देवी (60) का मकान है। यहां अपने दो बेटों अमन चौधरी (31), अवधेश चौधरी (30) और बेटी प्रीति उर्फ लक्ष्मी (24) के साथ रहती हैं। अमन प्राइवेट नौकरी करता है। अवधेश ड्राइवर था। किराए पर कार चलाता था, जबकि प्रीति पढ़ाई कर रही थी और घर के काम में मां का हाथ बंटाती थी। गिरिजा के पति आत्मा प्रसाद की 3 साल पहले मौत हो चुकी है। गिरिजा का पुस्तैनी मकान करीब 50 साल पुराना है। पीछे का हिस्सा हाल ही में बनवाया था। आगे का 400 वर्गफीट हिस्सा जर्जर था। हादसे के वक्त सभी इसी हिस्से में थे। सुबह गिरिजा देवी किचन में खाना बना रही थीं। तभी सिलेंडर से गैस लीक होने लगी। पाइप में आग लग गई। जब तक वो कुछ समझ पातीं, तेज धमाका हो गया। मकान भराभराकर ढह गया। चारों मलबे के नीचे आ गए। तेज धमाका सुनकर आसपास लोग भागकर आए। पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों के साथ रेस्क्यू शुरू किया। चारों लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने 2 को मृत घोषित कर दिया। धमाके की आवाज सुनकर भागे लोग
पड़ोस में रहने वाली गिरजा देवी की भतीजी चंदा साहनी ने बताया कि हम लोग सो रहे थे। धमाके की आवाज सुनकर जगे। दौड़कर बाहर आए तो देखा कि बड़ी मम्मी का घर गिरा हुआ था। पड़ोस के लोग भी आ गए। लोगों से कहा कि खोजिए घरवाले कहां हैं। फिर पुलिस बुलाई। बिजली का कनेक्शन काटा। खबर को अपडेट किया जा रहा है…