यूपी के 17 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:लखनऊ में 4 फ्लाइट्स कैंसिल; 2 दिन भीषण गर्मी पड़ेगी, पारा 45°C पार पहुंचेगा

Spread the love

यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। शनिवार को पूर्वांचल के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 50 किमी. की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। पश्चिम यूपी समेत बाकी इलाकों में सुबह से मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। हालांकि, ठंडी हवाएं गर्मी से राहत दिलाए हुए हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ रहा है। आज इसका असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इसके बाद 3 दिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। पारा 5-6°C तक उछलकर फिर से 45°C के पार पहुंच सकता है। इससे प्रचंड गर्मी पड़ेगी। हालांकि, फिलहाल लू से राहत बरकरार रहेगी। पिछले 24 घंटे की बात करें तो आगरा, जालौन, ललितपुर और मऊ में तेज हवा के साथ बारिश हुई। मऊ में ओले भी गिरे। ललितपुर में कई शादी समारोहों की व्यवस्थाएं बिगड़ गई। इसके अलावा, लखनऊ, कानपुर, नोएडा, गाजियाबाद समेत ज्यादातर शहरों में मौसम साफ रहा। वाराणसी सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39°C दर्ज किया गया। बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश में खराब मौसम की वजह से लखनऊ आने-जाने वाली 4 फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ीं। पटना में खराब मौसम की वजह से कोलकाता से आए इंडिगो के विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। विमान पटना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका और आसमान में चक्कर लगाता रहा। बाद में इसे लखनऊ में लैंड कराया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- प्रदेश में 30 अप्रैल से चल रहे बारिश के सिलसिले पर अब ब्रेक लग जाएगा। इससे तापमान बढ़ेगा। गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। हालांकि, लू से राहत बरकरार रहेगी। लगातार बारिश की वजह से अधिकतम तापमान 9°C तक गिर गया है। 28 अप्रैल को सबसे ज्यादा 47.6°C तापमान बांदा में रिकॉर्ड किया गया था, जो 8 मई को गिरकर 39°C तक लुढ़क गया। 2 दिन बाद फिर से नया विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे बारिश का नया दौर शुरू होगा। मौसम में उतार-चढ़ाव क्यों? मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश हो रही है। किसी-किसी दिन धूप के साथ मौसम साफ हो जा रहा है। पहाड़ों पर अगले 2 से 3 दिन भी ऐसे ही उतार-चढ़ाव के आसार है। इसका सीधा असर यूपी में दिख रहा है। पहाड़ों से आने वाली हवाएं मौसम को ठंडा बनाए हुए हैं। बारिश के अनुकूल सिस्टम तैयार कर रही हैं। अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? ————————– ये खबर भी पढ़िए- UP में हल्की बारिश को बाढ़ बता रहीं मशीनें: कंपनी को पेमेंट न देने की सिफारिश; फिर भी 137 करोड़ दे दिए यूपी में हल्की बारिश होने पर मौसम विभाग की मशीनें बाढ़ जैसे हालात बता रहीं हैं। अगर बादल छा गए तो धूप खिलने का मैसेज भेज रहीं हैं। ये गड़बड़ी 2 साल पहले लगे ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन और ऑटोमैटिक रेन गेज की वजह से है। हैदराबाद की कंपनी ने सभी तहसील और ब्लॉक में ये मशीनें लगाईं थीं। पढ़ें पूरी खबर…