सोनीपत नगर निगम चुनाव के दौरान लागू आचार संहिता के बीच सीएम फ्लाइंग और सीआईडी की संयुक्त टीम ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। खरखौदा क्षेत्र में पीपली KMP के नीचे बनी लाला होटल पार्किंग में खड़े एक 22 टायरी ट्राले से करीबन 40 लाख की 1238 शराब की पेटियां बरामद की गई हैं। शराब को ट्राले में चावल के छिलकों की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बरामद शराब चंडीगढ़ मार्का है और इसे चुनाव के दौरान अवैध रूप से सप्लाई किए जाने की आशंका मानी जा रही है। मौके से कोई ड्राइवर या मालिक नहीं मिला, जबकि ट्राले से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। एक्साइज विभाग और स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। गुप्त सूचना के आधार पर हुई बड़ी कार्रवाई सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि खरखौदा के पीपली KMP के नीचे बनी पार्किंग में एक ट्राले में भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई सौरभ सिंह चीफ सीआईडी के निर्देशानुसार डीएसपी जीत सिंह बेनीवाल की निगरानी में की गई। तिरपाल हटाते ही सामने आया शराब का जखीरा टीम जब मौके पर पहुंची तो ट्राले के ऊपर तिरपाल ढका हुआ मिला। जांच के दौरान जैसे ही तिरपाल हटाया गया तो ट्राले में चावल के छिलकों से भरी 100 से ज्यादा बोरियां रखी दिखाई दी। टीम को शक होने पर जब बोरियों को हटाया गया तो नीचे शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थी। पेटियों की जांच करने पर पता चला कि शराब चंडीगढ़ मार्का की है और बोतलों पर करीब 500 रुपए कीमत अंकित था। इस दौरान करीबन 40 लाख से ज्यादा की शराब मानी जा रही है। चुनाव में सप्लाई की आशंका प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि नगर निगम चुनाव के दौरान शराब को अवैध रूप से सप्लाई किया जाना था। पंचकूला और सोनीपत समेत कई क्षेत्रों में चुनावी माहौल होने के कारण पुलिस और प्रशासन पहले से ही सतर्क था।
इसी दौरान यह बड़ी खेप पकड़ी गई। अधिकारियों के अनुसार शराब केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए अधिकृत थी, लेकिन इसे एक्साइज ड्यूटी चोरी कर दूसरे क्षेत्रों में पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी। ट्राले का नंबर भी आया सामने जांच के दौरान ट्राली का नंबर HR 84-3609 सामने आया है। पुलिस अब ट्राले के मालिक, चालक और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान में जुटी हुई है। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। एक्साइज विभाग की जांच शुरू मौके पर एक्साइज विभाग की टीम को भी बुलाया गया। इंस्पेक्टर सोमबीर ने ट्राले से शराब की पेटियां उतरवाकर उनकी गिनती और जांच शुरू की गई। अधिकारियों के अनुसार ट्राले से 1238 पेटियों में 13416 बोतलें और 5760 पव्वे बरामद किए गए हैं। विभाग यह भी जांच कर रहा है कि शराब कहां से लाई गई और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई होनी थी। पुलिस ने एक ट्राले से केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित भारी मात्रा में शराब बरामद की। पुलिस को ट्राले से 750 एमएल की 721 पेटियों में 8652 बोतलें मिलीं। इसके अलावा 180 एमएल की 120 पेटियों में 5760 पव्वे तथा 750 एमएल की अन्य 397 पेटियों से 4764 बोतलें बरामद की गईं। कई अधिकारी और पुलिस कर्मचारी रहे मौजूद इस कार्रवाई के दौरान इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह, सीआईडी इंचार्ज खरखौदा जितेंद्र, सब इंस्पेक्टर राजेश सीएम फ्लाइंग, एएसआई शिवकुमार सहित स्थानीय थाना पुलिस की टीम मौजूद रही। पूरी कार्रवाई कई घंटों तक चली और शराब को कब्जे में लेकर पुलिस सुरक्षा में रखा गया। शिकायत के आधार पर होगी एफआईआर पूरे मामले को लेकर संबंधित थाना पुलिस को शिकायत दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शराब तस्करी से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
सोनीपत में ₹40 लाख की अवैध शराब पकड़ी:चंडीगढ़ मार्का, ट्राले में बोरियों के नीचे छिपाई थी; चुनाव में सप्लाई की आशंका
