कुरुक्षेत्र में मंदिर के पीछे मिले पशुओं के अवशेष:गोरक्षकों ने जताई गोवंश के होने की आशंका, पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच को भिजवाए

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में बाबैन रोड पर शनि मंदिर के पीछे पशुओं की हडि्डयां और खुर मिलने से इलाके के लोगों में रोष फैल गया। लोगों और गोरक्षा संगठनों में अवशेष गोवंश के होने का शक जताया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने अवशेष को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया। गोपुत्र सेना के जिलाध्यक्ष राहुल आहूजा ने बताया कि, शाम को उनको पुजारी महंत नाग बाबा ने शनि मंदिर के पीछे पशुओं के अवशेष पड़े होने की सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे तो मौके से 4 जोड़ी खुर और कई हड्डियां बरामद हुई। उनको पूरा शक है कि यह अवशेष गोवंश के हो सकते हैं, क्योंकि हाल ही जिला करनाल और यमुनानगर में इस तरह की घटनाएं हो चुकी है। रोहिंग्या परिवार पर शक
राहुल ने बताया कि मंदिर के ठीक पीछे रोहिंग्या के करीब 15-20 परिवार झोपड़ियां बनाकर रह रहे हैं। ये लोग सरकारी जमीन पर कब्जा किए हुए हैं। आरोप लगाया कि मंदिर के पीछे ये लोग अपना कचरा फेंकते हैं। उनको पूरा शक है कि ये अवशेष यानी हड्डियां और खुर उन्होंने ही फेंके हैं। उनके कबाड़, कट्टों और अन्य सामान के नीचे से भी कुछ अवशेष मिले हैं। पुलिस ने जांच के लिए भेजे सूचना पाकर लाडवा थाने के SHO गुरनाम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अवशेष को कब्जे में लिया। SHO गुरनाम सिंह ने बताया कि इन अवशेष को फोरेंसिक जांच के लिए लैब भेज जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। अगर गोवंश होने की पुष्टि हुई तो हरियाणा के गोहत्या विरोधी कानून के तहत सख्त एक्शन लिया जाएगा।