गुरुग्राम में कैंटर ने बाइक सवार को कुचला:युवक ने मौके पर तोड़ा दम; दिल्ली के रोहिणी का रहने वाला, ड्यूटी करने जा रहा था

Spread the love

गुरुग्राम शहर में हीरो होंडा चौक पर शनिवार को एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कैंटर ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर भाग गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया। मृतक की पहचान कमल कुमार झा के रूप में हुई है। वह दिल्ली के रोहिणी का रहने वाला था और ड्यूटी के लिए गुरुग्राम आया था। वह गुरुग्राम में एक कंपनी में काम करता था। पुलिस ने बाइक नंबर प्लेट के आधार पर मृतक की पहचान की। तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है। कैंटर चालक के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। जांच अधिकारी रीना ने बताया कि अभी परिवारवालों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। हाईवे पर थम नहीं रहे एक्सीडेंट
गुरुग्राम में हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसे एक गंभीर समस्या बन चुके हैं, जहां तेज रफ्तार, लापरवाही और ओवरलोडिंग के कारण रोजाना जानें जा रही हैं। विशेष रूप से NH-48 दिल्ली-जयपुर हाईवे सबसे ज्यादा प्रभावित है। 2025 में प्रमुख हाईवे कॉरिडोर पर कुल 401 दुर्घटनाओं में 200 लोगों की मौत हुई, जिसमें NH-48 अकेले 233 हादसों में 127 मौतों का गवाह बना। 2025 में जिले में कुल 1,112 दुर्घटनाओं में 478 मौतें दर्ज की गईं, जबकि 2024 में 472 मौतें हुई थीं। NH-48 पर 45 से ज्यादा ब्लैक स्पॉट्स चिह्नित हैं, जहां रियर-एंड, साइड-इम्पैक्ट और हेड-ऑन टक्कर 93% मौतों का कारण बनीं।