कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में मीरी-पीरी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड रिसर्च चेरिटेबल ट्रस्ट की सेवा संभाल को लेकर विवाद हो गया। इसे लेकर ट्रस्ट के अधिकारी और हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी (HSGMC) के पूर्व प्रधान एवं नॉमिनेटिड मेंबर बलजीत सिंह दादूवाल आमने-सामने हो गए। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। रात को दोनों पक्ष के बीच तनाव बढ़ता देख दादूवाल को पुलिस सुरक्षा के बीच बाहर निकाला गया। साथ ही ट्रस्ट के लोग दादूवाल के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंच गए। कर्मियों के धरने को समर्थन देने पहुंचे दरअसल, यह ट्रस्ट शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अधीन है। शुक्रवार को मीरी-पीरी अस्पताल के कर्मचारियों उनको पक्का करने की मांग को लेकर ट्रस्ट के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे पहले कर्मचारियों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर चेतावनी दी थी। आज इन कर्मचारियों को समर्थन देने के लिए HSGMC के पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल पहुंच गए। सेवा संभाल का किया दावा दादूवाल अपने साथ HSGMC के पदाधिकारी और मेंबर्स को लेकर पहुंचे थे। दादूवाल ने दावा कि हरियाणा कमेटी अलग बनने के बाद मीरी-पीरी ट्रस्ट HSGMC के अधीन हो चुकी है। अब HSGMC ही उसकी सेवा संभाल करेगी। सुप्रीम कोर्ट ने HSGMC की याचिका पर उनके हक में फैसला दिया है। झींडा पर बादल के साथ मिलीभगत के आरोप दादूवाल ने कहा कि अलग कमेटी बनने के बाद प्रधान जगदीश सिंह झींडा को सेवा संभाल करनी थी। आरोप लगाया कि झींडा इस ट्रस्ट के ट्रस्टी सुखबीर सिंह बादल के साथ मिले हुए हैं। अभी तक झींडा संगत को गुमराह करते आए हैं। इस ट्रस्ट में हरियाणा के बाहर के लोग काम कर रहे हैं। कर्मचारियों के साथ धक्का किया दादूवाल ने आरोप लगाया कि ट्रस्ट में बादल परिवार को शामिल किया गया। पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने ट्रस्ट के नाम पर लोन लिया हुआ है। कच्चे कर्मचारियों के साथ धक्काशाही की जा रही है। उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकारियों से शांतिमय ढंग से सेवा संभाल देने की चेतावनी दी। ट्रस्ट के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे उधर, अस्पताल में तनाव बढ़ते देख ट्रस्ट के CEO संदीप इंद्र सिंह चीमा मौके पर पहुंचे और दादूवाल के साथ बैठक की। हालांकि दादूवाल अपनी मांग पर अड़े रहे। तब CEO की सूचना के बाद ट्रस्ट के कार्यकारी समूह चेयरमैन रघुजीत सिंह विर्क, वाइस चेयरमैन बलदेव सिंह कायमपुर समेत अन्य पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। हाईकोर्ट के स्टे ऑर्डर का दिया हवाला पदाधिकारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पदाधिकारियों ने दावा किया ट्रस्ट की सेवा संभाल पदाधिकारी करते आ रहे हैं। HSGMC ने ट्रस्ट पर दावा करते हुए हाईकोर्ट में याचिका डाली थी। उनके खिलाफ ट्रस्ट ने अपना दावा किया था, जिस पर हाईकोर्ट ने स्टे लगा दिया था। पुलिसबल मौके पर मौजूद सूचना मिलते ही पुलिसबल मौके पर पहुंच गया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को बुलाया गया है। ट्रस्ट पर दावे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने है। करीब 2 घंटे के बाद दादूवाल को पुलिस सुरक्षा के बीच बाहर निकाला गया।
कुरुक्षेत्र में HSGMC और SGPC में विवाद:मीरी-पीरी ट्रस्ट को लेकर तनाव, दादूवाल को पुलिस सुरक्षा में निकाला बाहर; थाने पहुंचे ट्रस्टी
