करनाल शहर में कंबोपुरा के पास ट्रांसपोर्टर की दुकान के नजदीक एक ई-रिक्शा ड्राइवर का शव मिला है। मृतक कोरियर डिलीवरी का काम करता था और पिछले कुछ दिनों से पार्सल को लेकर विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का लग रहा है। मृतक की पहचान और पारिवारिक स्थिति मदनपुर के सुरेश (40वर्ष) ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह कोरियर सप्लाई का काम भी करता था, परिवार में उसके तीन बच्चे हैं। सुरेश के अचानक निधन से परिवार सदमे में है और घर में मातम का माहौल है। बेटी ने लगाए गंभीर आरोप सुरेश की बेटी ने आरोप लगाया कि उसके पिता को एक सप्ताह से ट्रांसपोर्टर लगातार परेशान कर रहा था। ई-रिक्शा से एक पार्सल गुम होने की बात कहकर उनसे बार-बार संपर्क किया जा रहा था। कभी डेढ़ लाख रुपए का बिल बताया जाता, तो कभी 14-15 लाख रुपए की मांग की जाती थी। बाद में यह मांग बढ़ाकर 30 लाख रुपए तक बताई जाने लगी। बेटी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर फोन कर पुलिस और कंपनी के नाम पर डराता था, जिससे पूरा परिवार तनाव में था, जबकि हकीकत यह थी कि पार्सल पहले ही डिलीवर किया जा चुका था। बाद में ट्रांसपोर्टर ने ही उसे वापस मंगवाया था और दोबारा डिलीवरी के दौरान वह गुम हो गया था। पार्सल मिलने के बाद भी बनाता रहा दबाव परिजनों का कहना है कि जिस पार्सल को लेकर विवाद चल रहा था, वह वीरवार को मिल भी गया था। इसके बावजूद सुरेश को इस बारे में जानकारी नहीं दी गई और उस पर लगातार दबाव बनाया जाता रहा। इस मानसिक दबाव के कारण वह काफी परेशान था। बेटी ने बताया कि बुधवार को भी उसके पिता आत्महत्या करने के लिए घर से निकल गए थे, लेकिन परिवार ने किसी तरह उन्हें रोक लिया था। इसके बाद भी उन पर दबाव खत्म नहीं हुआ। ट्रांसपोर्ट की दुकान के पास वारदात मधुबन थाना से जांच अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि कंबोपुरा धर्मकांटे के सामने ट्रांसपोर्ट की दुकान के पास यह घटना हुई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है। फुटेज में सामने आया कि सुरेश करीब साढ़े तीन बजे ई-रिक्शा से उतरा और वॉशरूम गया, फिर वापस आकर बैठ गया। करीब चार बजकर पांच मिनट पर वह दोबारा ई-रिक्शा से उतरा और बाथरूम की तरफ गया, जहां वह गिर गया। बाद में वहीं पर उसका शव पड़ा मिला। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले की जांच में जुटी पुलिस पुलिस के अनुसार, कोरियर विवाद की बात भी जांच में सामने आई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
करनाल में ई-रिक्शा ड्राइवर का मिला शव:कोरियर विवाद से था परेशान, परिजन बोले- ट्रांसपोर्टर करता रहा लाखों की डिमांड
