जींद जेल में बंदियों के दो गुटों में झड़प:हत्यारोपी समेत 3 घायल; लोहे के बतर्न से बनाए कटरों से वार, 10 पर FIR

Spread the love

हरियाणा की जींद जिला जेल में बंदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में तीन बंदी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने लोहे के बर्तनों से बनाए गए नुकीले ‘कटरों’ का इस्तेमाल किया। घायलों को इलाज के लिए जींद के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में 10 हमलावर बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव सिवाहा के मनजीत ने पुलिस को बताया कि वह हत्या के मामले में विचाराधीन कैदी है। फिलहाल जेल के ब्लॉक नंबर-5 में बंद है। 18 मार्च की दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह अपने साथियों विजय और मोहित के साथ सो रहा था, तभी प्रवीन, विपिन, मनजीत, सुखविंदर, साहिल, नसीब, विशाल, रोहित, संदीप और बलकार ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले से ही जेल के बर्तनों और लोहे की चादरों को तोड़कर उन्हें पत्थर पर घिसकर नुकीला बनाया था। हमला इतना अचानक और तेज था कि उनको संभलने का मौका नहीं मिला। शोर सुनकर मौके पर तैनात जेल वार्डन और सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर घायलों को हमलावरों के चंगुल से छुड़वाया। पुलिस जांच और मनजीत के बयान के अनुसार, पिछले 2-3 दिनों से प्रवीन और रविंद्र के साथ उनकी कहासुनी चल रही थी। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए प्रवीन और उसके साथियों ने योजनाबद्ध तरीके से इस हमले को अंजाम दिया। अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट (MLR) के अनुसार, मनजीत को शरीर पर 5 चोटें, मोहित को 2 और विजय को 1 गहरी चोट लगी है। थाना सिविल लाइन जींद के एएसआई समरजीत सिंह ने नागरिक अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(3), 190, 115(2) और 42 प्रिजन एक्ट (Prisons Act 1894) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।