पानीपत में समालखा क्षेत्र में जीटी रोड पर उत्सव गार्डन के सामने देर रात सड़क हादसे में एक युवती की जिंदा जलकर मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए। यूपी नंबर की ईको वैन में सवार 11 मजदूर पानीपत की एक फैक्ट्री से छुट्टी लेकर ईद मनाने बरेली जा रहे थे। रास्ते में बस की टक्कर से ईको में सीएनजी का सिलेंडर फट गया और आग लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुरुक्षेत्र के रहने वाले सुनील ने बताया कि वह अपनी बहन को दिल्ली एयरपोर्ट से लेने जा रहा था। समालखा के उत्सव गार्डन के सामने पहुंचने पर जीटी रोड पर एक सेलेरियो कार खड़ी दिखी। जैसे ही उसने अपनी एमजी हैक्टर कार की रफ्तार कम की, पीछे से तेज रफ्तार ईको वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। सुनील ने बताया कि ईको में करीब 11 सवारी थीं। छह सवारी नीचे उतर चुकी थीं और बाकी उतरने ही वाली थीं कि पानीपत की ओर से आ रही राजस्थान राज्य परिवहन सेवा की बस ने ईको को जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर के बाद लगी भीषण आग
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुनील की कार साइड में खिसक गई, लेकिन बस ईको को घसीटते हुए आगे ले गई। इसी दौरान ईको में लगा सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे वैन में भीषण आग लग गई। बाकी सवारी किसी तरह भाग निकलीं, लेकिन एक युवती गाड़ी में ही फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसका पैर सीट में फंस गया था, जिससे उसे बाहर नहीं निकाला जा सका। आग इतनी भयानक थी कि पूरी ईको जलकर राख हो गई और बस के केबिन में भी आग फैल गई। फायर ब्रिगेड ने काबू पाया, ट्रैफिक बाधित रहा
आसपास के लोगों ने बस को पीछे धकेला और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। थाना समालखा प्रभारी गुलशन कुमार, चौकी इंचार्ज अनिल कुमार और हाईवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक को रोका। चार लेन वाली जीटी रोड पर वन-लेन ट्रैफिक चलाया गया। पुलिस जांच जारी, चालक फरार
क्रेन बुलाकर जली हुई ईको, बस और अन्य वाहनों को हटवाया गया, जिससे ट्रैफिक सुचारू रूप से बहाल किया गया। मृतक युवती का शव पोस्टमार्टम के लिए पानीपत सिविल अस्पताल भेजा गया। तीन घायलों को पानीपत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ईको चालक और बस चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि सभी सवारी पानीपत की एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे और ईद मनाने के लिए बरेली जा रहे थे। मामले की जांच जारी है।
पानीपत में बस की टक्कर से ईको में आग:ईद मनाने UP जा रही युवती जिंदा जली; 3 घायल, CNG सिलेंडर फटा, कार क्षतिग्रस्त
