फतेहाबाद में गैस सिलेंडर न मिलने पर हाईवे जाम:एक घंटे तक रतिया-बुढलाडा रोड पर बैठे उपभोक्ता; बोले-कई दिनों से काट रहे चक्कर

Spread the love

फतेहाबाद जिले के रतिया में गैस सिलेंडर की किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं ने आज (गुरुवार) सुबह स्टेट हाईवे जाम कर दिया। सुबह करीब 6.30 बजे से 7.30 बजे तक एक घंटे जाम लगा रहा। इससे फतेहाबाद व रतिया से पंजाब के बुढलाडा जाने वाला रास्ता बाधित हो गया। आक्राेशित उपभोक्ताओं ने कहा कि, कई दिनों से सिलेंडर न मिलने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया है। जाम के कारण आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना पाकर नायब तहसीलदार रशविंदर सिंह, रतिया सिटी थाना और सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और एक घंटे बाद जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारी उपभोक्ताओं ने बताया कि वे पिछले तीन-चार दिनों से लगातार गैस एजेंसियों के चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें न तो सिलेंडर मिल रहा है और न ही कोई संतोषजनक जवाब दिया जा रहा है। इस समस्या से परेशान होकर उन्होंने हाईवे जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। बोले-गैस सिलेंडर के लिए सुबह 4 बजे लग रहे लाइन में अनिल कुमार, दयाल राम, मोहित, अमित सहित अन्य प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे सुबह 4 बजे से लाइनों में लगते हैं। मगर सिलेंडर नहीं मिल पाता है। जब तक उन्हें गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं करवाया जाएगा, तब तक वे जाम नहीं खोलेंगे। सिलेंडर नहीं मिलने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने प्रशासन से इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की। अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शनकारियों ने काफी आक्रोश दिखाया। एक घंटे बाद मिला आश्वासन, तब खोला जाम वहीं, हाईवे जाम होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे दैनिक जीवन भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते रतिया शहर थाना प्रभारी पुष्पा सिहाग, सदर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाना शुरू किया। दोनों अधिकारियों ने पहले एजेंसी संचालक से बातचीत कर सप्लाई की जानकारी ली। इसके बाद उपभोक्ताओं से कहा गया कि आज शाम तक गैस सिलेंडर की गाड़ी आएगी। इसके बाद दिक्कत नहीं रहेगी। इस आश्वासन के बाद लोगों ने स्टेट हाईवे का जाम खोल दिया। एजेंसी संचालक बोला-पीछे से नहीं आ रही सप्लाई इस संबंध में गैस एजेंसी संचालक रामनिवास से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पीछे से गैस की आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कल तक गैस आ जाएगी और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।