प्रतिबद्धता के साथ योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने करें कार्य-सांसद राधेश्याम राठिया

Spread the love

सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि इन योजनाओं का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचे इसके लिए सतत् रूप से कार्य करना है। दिशा समिति के बैठक के माध्यम से योजनाओं के क्रियान्वयन व प्रगति का मूल्यांकन करते हुए आगे की कार्ययोजना तैयार करनी है। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति के लिए गांवों में ओव्हर हेड टैंक निर्माण व पाईप लाईन बिछाने के कार्य के बारे में जानकारी ली।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने बताया कि सभी विकासखण्डों में सीईओ जनपद के माध्यम से सरपंच, सचिवों से उनके गांवों में हुए कार्य का भौतिक सत्यापन होने के बाद ही वहां प्रोजेक्ट को हैण्डओव्हर किए जाने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने ईई पीएचई से कहा कि इसका कड़ाई से पालन किया जाए। बैठक में सांसद राधेश्याम राठिया ने धरमजयगढ़ से दूरस्थ क्षेत्रों में गर्मी के दिनों में लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने के बारे में विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। विभागीय अधिकारी ने बताया कि हाटी क्षेत्र के लिए एक एक्सप्रेस फीडर लगाया जा रहा है, जिससे विद्युत स्टेशन से सीधे हाटी तथा उसके दूरस्थ अंचलों में विद्युत आपूर्ति करते हुए लो वोल्टेज की समस्या को दूर किया जा सकेगा। बैठक में सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत चयनित गांवों में होने वाले विकास कार्यों के बारे में विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली गई तथा सभी स्वीकृत कार्यों में गुणवत्ता के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत आयुष्मान व वय वंदना योजना के तहत हितग्राहियों के कार्ड निर्माण के कार्य लगातार जारी है। इसके लिए गांवों में शिविर लगाए जा रहे है। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की मॉनिटरिंग के लिए रोजाना उन्हें कॉल कर हेल्थ अपडेट लिया जा रहा है। अस्पतालों में सभी जरूरी दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए गए है। बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए एनआरसी सेंटर का संचालन किया जा रहा है। महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने रायगढ़ नगर निगम अंतर्गत डेंगू को लेकर पार्षदों की एक कार्यशाला आयोजित करने की बात कही। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को शीघ्र कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत तथा पूर्ण आवास के संबंध में सीईओ जिला पंचायत जितेन्द्र यादव ने बताया कि पीएम आवास निर्माण में रायगढ़ पूरे प्रदेश में सबसे आगे है। अब तक स्वीकृत 52 हजार आवास में से 24 हजार आवास पूर्ण कर लिए गए है। शेष आवासों को तेजी से पूर्ण कराया जा रहा है। बीते दिनों 10 हजार नये आवासों का लक्ष्य दिया गया था जिसमें से 8 हजार आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, 2 हजार आवासों की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। इस दौरान बैठक में जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।