फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ के आदर्श नगर में रहने वाले 13 वर्षीय नाबालिग किशोर की सड़क हादसे में मौत हो गई। किशोर अपने बड़े भाई के साथ बाइक पर मोमोज खाने के लिए घर से निकला था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। वाहन ने मारी टक्कर जानकारी के अनुसार बल्लभगढ़ के आदर्श नगर के सलीम टेलर का काम करते हैं। उनके दो बेटे 16 वर्षीय रेहान और 13 वर्षीय अर्श हैं। रविवार रात करीब 9 बजे दोनों भाई बाइक पर सवार होकर मोमोज खाने के लिए मुजेसर फ्लाईओवर होते हुए गुप्ता चौक की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मुजेसर फ्लाईओवर पर पहुंची, पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों भाई हाईवे पर गिर गए। बाइक चला रहा रेहान हेलमेट पहने हुए था, जिसकी वजह से उसे केवल हल्की चोटें आईं, जबकि बाइक के पीछे बैठे अर्श ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। गिरने के बाद अर्श किसी अन्य वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना हादसे को देख आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। साथ ही घायल रेहान से परिवार का नंबर लेकर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-7 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और अर्श के शव को एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं घायल रेहान को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। ड्राइवर पर कार्रवाई की मांग मृतक अर्श के पिता सलीम ने बताया कि उन्होंने पुलिस से मांग की है कि जिस अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है, उसके ड्राइवर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। वहीं सेक्टर-8 थाना प्रभारी दिलबाग कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सेक्टर-7 पुलिस चौकी में मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।
फरीदाबाद सड़क हादसे में किशोर की मौत:दोनों भाई बाइक पर मोमोज खाने गए थे; वाहन ने मारी टक्कर
