हरियाणा MLA के बिजनेसमैन बेटे की डॉक्टर से सगाई:CM सैनी पहुंचे; 1.5 लाख लोगों को इनविटेशन, 14 विशाल पंडालों में अरेंजमेंट

Spread the love

हरियाणा में बहादुरगढ़ से निर्दलीय विधायक राजेश जून के बेटे सचिन जून की आज (मंगलवार) को सगाई है। वह हिसार की रहने वाली डॉ. सनोज को रिंग पहनाएंगे। 30 अप्रैल को उत्तराखंड में डेस्टिनेशन वेडिंग होगी। इससे पहले सगाई का प्रोग्राम बहादुरगढ़ के हुडा ग्राउंड में रखा गया है। दोपहर बाद इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सैनी, विधानसभा स्पीकर हरविंद्र कल्याण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली समेत अन्य नेता पहुंचे। आज के प्रोग्राम के लिए डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को निमंत्रण भेजा गया है। 15 एकड़ में 14 बड़े पंडाल लगाए गए हैं। मेहमानों की सेवा के लिए 700 वेटर और सुरक्षा के लिए 200 बाउंसर तैनात हैं। बता दें कि राजेश जून पहले कांग्रेस में थे। अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव में बहादुरगढ़ सीट से टिकट न मिलने पर उन्होंने बगावत कर दी थी। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और कांग्रेस उम्मीदवार को हराकर जीत हासिल की। विधायक का अस्पताल, पुत्रवधू मेडिकल प्रोफेशन से जुड़ी विधायक राजेश जून के बेटे सचिन जून फैमिली बिजनेस संभालते हैं। इसमें आरजे सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड हार्ट सेंटर शामिल है। उनकी होने वाली पत्नी डॉ. सनोज मेडिकल प्रोफेशन से हैं। उन्होंने MBBS करने के बाद अस्पताल प्रबंधन (MHA) में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। डॉ. सनोज के पिता हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर थे, जिनका निधन हो चुका है। विधायक के बेटे की शादी का कार्ड… उत्तराखंड के मंदिर में डेस्टिनेशन वेडिंग विधायक की ओर से भेजे गए निमंत्रण के अनुसार, 28 अप्रैल की शाम को सगाई का कार्यक्रम होगा। शादी के लिए उत्तराखंड के त्रियुगीनारायण मंदिर को चुना गया है, जहां 30 अप्रैल को फेरे होंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, यही वह स्थान है जहां भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इसी पावन स्थल पर सचिन जून और डॉ. सनोज सात फेरे लेकर अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत करेंगे। यहां जानिए विधायक फैमिली की ओर से कैसे इंतजाम… डेढ़ लाख लोगों को भेजा गया निमंत्रण
विधायक और उनके परिवार की ओर से सगाई समारोह में करीब डेढ़ लाख लोगों के लिए एक साथ भोज की व्यवस्था की गई। हलके के हर घर को ‘चूल्हा न्योता’ दिया गया। बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 स्थित सिटी मार्केट के खाली मैदान में पंडाल सजाया गया। 15 एकड़ में तैयार हुआ पंडाल
पूरे आयोजन के लिए करीब 15 एकड़ जमीन का इस्तेमाल किया गया, जहां 14 बड़े पंडाल लगाए गए। इन पंडालों में मेहमानों के बैठने, खाने और आराम की पूरी व्यवस्था की गई। खास मेहमानों के लिए लगभग 10 हजार लोगों की क्षमता वाला एयर कंडीशन्ड टेंट अलग से तैयार किया गया। पूरे आयोजन स्थल को शादी की थीम के अनुसार खास तरीके से सजाया गया। सैकड़ों व्यंजनों से सजेगा महाभोज
इस आयोजन का सबसे खास आकर्षण महाभोज है। इसके लिए छह अलग-अलग फूड सेक्शन बनाए गए, जिनमें साउथ इंडियन, नॉर्थ इंडियन, पारंपरिक हरियाणवी और देसी व्यंजन शामिल हैं।
मेहमानों के स्वागत के लिए खास इंतजाम मेहमानों के स्वागत के लिए अलग-अलग राज्यों से विशेष बैंड-बाजे और स्वागत दल बुलाए गए। प्रवेश द्वार से लेकर भोजन स्थल तक भव्य सजावट की गई। मेहमानों की सेवा के लिए 700 वेटर तैनात रहेंगे। सुरक्षा के लिए 200 बाउंसर लगाए जाएंगे। पार्किंग व्यवस्था संभालने के लिए 150 कर्मियों की अलग टीम बनाई गई है। इसके अलावा परिवार के सदस्य भी अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालकर मेहमानों की सेवा में जुटे रहेंगे।