नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग पर बुधवार देर शाम पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर खाई में गिर गई। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। घायलों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वाहन में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी है। हादसे से जुड़ी PHOTOS… 3 पॉइंट्स में पढ़िए पूरी घटना… 1. नैनीताल तिराहे के पास अनियंत्रित हुआ वाहन बुधवार देर शाम टेंपो ट्रैवलर कालाढूंगी से करीब एक किलोमीटर ऊपर नैनीताल तिराहे के पास अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। 2. स्थानीय लोगों ने शुरू किया बचाव कार्य हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य रेस्क्यू टीमें भी पहुंच गईं। घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। 3. 29 लोग थे सवार, सभी मेरठ के निवासी टेंपो ट्रैवलर में कुल 29 लोग सवार थे। सभी यात्री मेरठ जिले के बताए जा रहे हैं, जो नैनीताल भ्रमण के बाद घर लौट रहे थे। पुलिस यात्रियों और मृतकों का पूरा विवरण जुटाने में लगी है। डीएम-एसएसपी ने संभाली कमान हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू कर दी। मेडिकल और रेस्क्यू टीम ने घायलों को हल्द्वानी स्थित डॉक्टर सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम को अलर्ट पर रखा गया है। मृतक संख्या बढ़ने की आशंका अस्पताल सूत्रों के अनुसार कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और कुछ की हालत चिंताजनक बनी हुई है। ऐसे में मृतक संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों ने ब्रेक फेल होने की आशंका जताई है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
नैनीताल में टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरी, 2 की मौत:घर लौट रहे थे मेरठ के पर्यटक; कई घायलों की हालत गंभीर, STH में भर्ती
