उज्जैन:सड़क चौड़ीकरण के विरोध में दो घंटे भाजपा कार्यालय घेरा

Spread the love

पिपलीनाका क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के विरोध में गुरुवार को जनआक्रोश फूट पड़ा। करीब 500 रहवासियों ने विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा के कार्यालय का घेराव कर उनकी कार रोक ली। प्रदर्शनकारी भाजपा के लोकशक्ति कार्यालय में भी घुस गए, जहां महिलाओं के रोने और बेहोश होने से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दरअसल, उज्जैन विकास प्राधिकरण पिपलीनाका से भैरवगढ़ तक 1.5 किमी सड़क को 100 फीट चौड़ा करने की तैयारी में है। 3 मार्च को जारी नोटिस में सात दिन के भीतर मकान तोड़ने के आदेश दिए गए हैं। रहवासियों का तर्क है कि 10-10 फीट के फुटपाथ और डिवाइडर की चौड़ाई कम कर उनके आशियाने बचाए जा सकते हैं। इस मुद्दे पर विधायक कालूहेड़ा और भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कलेक्टर रौशन कुमार सिंह व यूडीए सीईओ संदीप सोनी से चर्चा की। विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि विकास के नाम पर विनाश हुआ, तो वे जनता के साथ खड़े रहेंगे। विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने कहा कि 24 मीटर से ज्यादा सड़क चौड़ीकरण हुआ तो मैं जनता के साथ सड़क पर उतरूंगा। हम विकास के विरोधी नहीं हैं, न्यायोचित विकास होना चाहिए ताकि गरीब बेघर न हों।