महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सिंघाना रोड पर गांव हमीदपुर में सोमवार को कार से टक्कर के बाद एक ऑटो पलट गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, वहीं करीब दस लोग घायल हो गए। घायलों में एक साल का बच्चा भी शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर अवस्था के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जानकारी के अुनसार गांव पटीकरा की महिला मोनिका के गांव बापड़ोली में रहने वाले फूफा की मौत हो गई थी। इस मौत के बाद शोक जताने के लिए गांव पटीकरा से 14 के करीब लोग नेशनल हाईवे नंबर 11 से होते हुए गांव बापडोली जा रहे थे। सभी लोग ऑटो में सवार थे। गांव हमीदपुर के पास बापडोली गांव की ओर जाने के लिए कट लगता है। इस सर्विस रोड पर से आने व जाने दोनों का ही रास्ता बना हुआ है। जब ऑटो ड्राइवर ने सर्विस रोड के लिए ऑटो को मोडा, तो बस स्टैंड के पास ही सामने से आ रही एक कार से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर से ऑटो ने खोया संतुलन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो ड्राइवर वाहन से अपना संतुलन खो बैठा तथा ऑटो वहां पर पलट गया। जिसके बाद वहां पर चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत एम्बुलेंस व पुलिस को दी। वहीं कार भी डिवाइडर से जा टकराई। जिसके एयर बेलुन खुलने से उसमें सवार सुरक्षित रहे। मौके पर पहुंची पुलिस सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस व पुलिस ने सभी घायलों को ऑटो के नीचे से निकाला तथा उनको नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने गांव पटीकरा की रेश्मा देवी को मृत घोषित कर दिया। ये लोग हुए घायल वहीं हादसे में मोनिका, अशोक, सुमन, ललिता, शशीबाला, लूलीया, जयराम, मौसम, सरोज, नियांशी तथा एक साल का छोटा बच्चा घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से सभी को रेफर कर दिया गया। मामले की जांच में जुटी पुलिस हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटना करने वाली कार को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी हैं। वहीं नागरिक अस्पताल के डाक्टर प्रीत ने बताया कि सिंघाना रोड पर हादसे की सूचना मिलने के बाद सभी को नागरिक अस्पताल लाया गया। जिनमें एक रेश्मी देवी की मौत हो गई। अन्य सभी गंभीर घायलों को रेफर कर दिया गया।
नारनौल में कार से टकराकर पलटा ऑटो:महिला की मौत, एक साल के बच्चे समेत 11 लोग घायल, हायर सेंटर रेफर
