हरियाणा में अधिकतम तापमान 31°C पहुंचा:10 जिलों में पारा 28°C पार, गुरुग्राम की रात सबसे ठंडी, पारा 9.2°C रहा

Spread the love

हरियाणा में फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि कम से कम 10 जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने से सुबह हल्की ठंड बनी हुई है, जिससे दिन और रात के तापमान में तीगुना अंतर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार मंगलवार को राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान नूंह में 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रोहतक, भिवानी, महेंद्रगढ़, हिसार, अंबाला, गुरुग्राम और सिरसा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से ऊपर रहा। दिन में बढ़ती गर्मी और सूखे मौसम का असर गेहूं और सरसों की फसलों पर पड़ सकता है, इसलिए किसानों को सिंचाई और कीट नियंत्रण पर ध्यान देने की सलाह दी गई है। दिन का तापमान बढ़ा, रात का ठहरा
दिन के तापमान में सामान्य से करीब 3.7 डिग्री अधिक वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे दोपहर में गर्मी महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2–3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है और यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री गुरुग्राम में दर्ज किया गया। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10–14 डिग्री के बीच रहने से सुबह और रात में हल्की ठंड बनी हुई है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है और बारिश की कोई संभावना नहीं है। किसानों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग के अनुसार मौसम शुष्क रहने से फसलों में नमी की कमी हो सकती है। इसलिए किसानों को आवश्यकता अनुसार सिंचाई करने की सलाह दी गई है। गेहूं की फसल में पीली रतुआ (येलो रस्ट) रोग की नियमित निगरानी करने, दीमक नियंत्रण के लिए फिप्रोनिल या क्लोरपाइरीफॉस का उपयोग करने और माहू (एफिड) दिखने पर नीम अर्क या थायमेथोक्साम का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा सब्जियों व चारे के लिए किसानों को नियमित सिंचाई करने, बरसीम की कटाई समय पर करने और 15–20 दिन के अंतर पर पानी देने की सलाह दी गई है। पशुओं को दिन में धूप में बांधने और रात में छत के नीचे बांधने की सलाह दी गई है। मौसम एक्सपर्ट बोले- 28 फरवरी को बादल छाएंगे चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 28 फरवरी तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर व उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है। इस कारण रात्रि तापमान में गिरावट आ सकती है। 28 फरवरी को बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है। इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 9 से 13 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहने की संभावना है।