ओल्ड फरीदाबाद स्थित संत नगर कॉलोनी में सोमवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर युवती के शव को पंखे से नीचे उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, मृतका शिवानी अपने पिता के साथ संत नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला बताया जा रहा है। पिता करते हैं निजी कंपनी में काम शिवानी एक निजी कंपनी में काम करती थी और रोजाना सुबह करीब 9 बजे काम पर जाती थी तथा शाम लगभग 6 बजे घर लौटती थी। उसके पिता भी एक कंपनी में काम करते हैं और सुबह करीब 6:30 बजे घर से निकल जाते हैं। उसी मकान में साथ वाले कमरे में रहने वाले पड़ोसी विजय ने बताया कि शाम करीब 6 बजे गली में किसी व्यक्ति का फोन आया कि साथ वाले कमरे में रहने वाली शिवानी ने फांसी लगा ली है। जब वह ऑफिस से घर पहुंचे तो देखा कि पुलिस मौके पर मौजूद थी और कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की जा रही थी। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी मशक्कत के बाद जब दरवाजा तोड़ा गया तो शिवानी कमरे के अंदर पंखे से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटकी हुई मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर सिविल अस्पताल भेज दिया।
फरीदाबाद में युवती ने किया सुसाइड:कमरे में पंखे से लटका मिला शव, दरवाजा तोड़कर नीचे उतारा, निजी कंपनी में करती थी काम
