हरियाणा में हर माह 10 तारीख को मिलेगी पेंशन:70 हजार बुजुर्गों की रोकी पेंशन बहाल, नवंबर की जारी की, दिसंबर की सोमवार को होगी

Spread the love

हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन को लेकर चल रहे विवाद के बीच सरकार ने दो बड़े फैसले लिए हैं। अब पेंशन जारी होने की तारीख फिक्स कर दी गई है। हर महीने 10 तारीख को पेंशन जारी होगी। समाज कल्याण मंत्री कृष्ण बेदी ने इसकी पुष्टि की। दूसरा, जिन 70 हजार बुजुर्गों की पेंशन होल्ड की गई थी, वो बहाल कर दी गई है। परिवार पहचान पत्र के स्टेट कोर्डिनेटर सतीश खोला ने बताया कि नवंबर महीने की होल्ड पेंशन शनिवार को रिलीज कर दी गई। बैंक में हाफ डे वर्किंग के कारण दिसंबर की पेंशन का स्टेटस सोमवार को अपडेट होगा। पेंशन जारी करने के निर्देश के साथ सरकार ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी स्थिति में पेंशन भुगतान नहीं रोका जाएगा। कोई मामला संदिग्ध भी हो, तब तक पेंशन जारी रहेगी जब तक यह पूरी तरह साबित न हो जाए कि लाभार्थी अपात्र है।

जानिए कैसे पेंशन होल्ड विपक्ष ने मुद्दा बनाया, सरकार बैकफुट पर आई नवंबर में पेंशन होल्ड होना शुरू हुआ समाज कल्याण विभाग ने नवंबर में बुजुर्गों की पेंशन होल्ड करना शुरू की। विभाग का तर्क था कि कुछ बुजुर्ग उम्र, आय की गलत जानकारी देकर पेंशन ले रहे हैं। कई पेंशनर्स के परिजन भी पेंशन ले रहे हैं। नवंबर व दिसंबर में करीब 70 हजार बुजुर्गों की पेंशन रोक ली गई। विपक्ष ने मुद्दा बनाया, धरने-प्रदर्शन शुरू हरियाणा में बुढ़ापा पेंशन बहुत ही संवेदनशील मुद्दा है। ऐसे में पेंशन होने की खबर सामने आते ही विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया। मुख्य विपक्ष दल कांग्रेस ने सभी जिला मुख्यालयों पर धरने-प्रदर्शन का शेड्यूल जारी कर दिया। इनेलो व जजपा ने भी प्रदर्शन घोषित कर दिए। बजट सेशन से पहले घिरता देख सरकार हरकत में आई। सीएम ने अधिकारियों संग की थी इमरजेंसी मीटिंग पेंशन को लेकर 11 फरवरी को सीएम नायब सैनी ने एक इमरजेंसी मीटिंग की। जिसमें सेवा विभाग के 3 सीनियर अधिकारी और पेंशन से जुड़े 11 अन्य अधिकारियों को भी बुलाया गया। सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे कि जब तक वेरिफिकेशन का काम पूरा नहीं हो जाए तब तक किसी भी पेंशन होल्ड नहीं की जाए। सबकी पेंशन जारी की जाए। बढ़ी हुई पेंशन का नोटिफिकेशन जारी किया 11 फरवरी को ही सरकार ने सभी तरह की सामाजिक सुरक्षा वाली पेंशन में वृद्धि का नोटिफिकेशन जारी कर दिया। हालांकि सरकार ने नवंबर 2025 में पेंशन में वृद्धि की घोषणा की थी, लेकिन मामला गड़बड़ होता देख अब इसका नोटिफिकेशन जारी किया। पेंशन रोकने से पहले CM की मंजूरी जरूरी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना किसी भी बुजुर्ग की पेंशन न रोकी जाए। यदि किसी लाभार्थी की पात्रता संदिग्ध लगे तो उसे संदेश भेजकर कारण बताया जाए और पक्ष रखने का अवसर दिया जाए। यदि दस्तावेज अधूरे हों तो जमा कराने के निर्देश दें। आवश्यकता पड़ने पर अधिकारी स्वयं बुजुर्ग के घर जाएं पर भुगतान जारी रखा। बड़ा सवाल..क्या पात्रता के लिए आय सीमा बढ़ाएगी सरकार अभी हरियाणा में 60 साल से अधिक के वो बुजुर्ग पेंशन के हकदार होते हैं, जिनकी पारिवारिक आय 3 लाख रुपए वार्षिक से अधिक नहीं है। विपक्ष इस आय सीमा को लेकर भी मुद्दा बना रहा है। उनका कहना है कि यह सामाजिक सम्मान भत्ता है। ये पेंशन बुजुर्गों के सम्मान व सामाजिक सुरक्षा के लिए है। यदि परिवार की आय अधिक है तो भी बुजुर्गों को यह पेंशन मिलनी चाहिए। ऐसे में सियासी हलकों में चर्चा है कि बजट सेशन में सरकार आय की सीमा को बढ़ाने पर विचार कर सकती है।