करनाल में ज्योतिष अनुष्ठान केंद्र में लोगों का हंगामा:नाबालिग जोड़ों की शादी कराने का आरोप, भीड़ देख दूल्हा भागा, दुल्हन पकड़ी

Spread the love

करनाल जिले में एक ज्योतिष अनुष्ठान केंद्र पर गलत तरीके से शादियां कराने के आरोप लगे हैं। कॉलोनी के लोगों ने केंद्र के बाहर जमकर हंगामा किया। लोगों ने आरोप लगाया कि यहां रोजाना 4 से 5 नाबालिग जोड़े आते हैं, जहां शादी कराकर उन्हें फर्जी सर्टिफिकेट दिए जाते हैं। लोगों के हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। इस दौरान शादी के लिए आया एक दूल्हा फरार हो गया, जबकि लोगों ने दुल्हन को वहीं रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यहां जानिए लोगों ने क्या आरोप लगाए… लेटर हेड पर शादी का देते हैं प्रमाण पत्र सेक्टर-7 के भुवन वर्मा, रवि कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि उनकी कॉलोनी में घर की बगल में एक पंडित ने मां बगलामुखी ज्योतिष अनुष्ठान केंद्र बना रखा है। यहां अवैध तरीके से शादियां करवाई जाती हैं और इनमें नाबालिगों की शादी भी शामिल होती है। यहां दिन में चार से पांच शादियां करवाई जाती हैं और पंडित अपने लेटर हेड पर ही शादी का प्रमाण पत्र जारी कर देता है। जिनकी शादी हो चुकी, वो भी आ रहे लोगों ने आरोप लगाया कि यहां ऐसे लोगों की भी शादी करवाई जाती है, जिनकी पहले से शादी हो चुकी है। इसके अलावा, जिन पर कोर्ट केस चल रहे हैं या जो विदेश जाना चाहते हैं, उनकी भी यहां शादी करवाई जाती है। लोगों का कहना है कि इस तरह के काम से कानून का खुला उल्लंघन हो रहा है। एक पंडित भागा, दूसरा नाबालिग कॉलोनीवासियों ने बताया कि यहां दो पंडित काम करते हैं। छोटा पंडित मौके पर मौजूद था, जबकि दूसरा पंडित हंगामे के बाद फरार हो गया। आरोप है कि छोटा पंडित खुद भी नाबालिग है। उसने अपना आधार कार्ड दिखाया, जिसमें जन्म वर्ष 2010 दर्ज है। यह आधार कार्ड फर्जी हो सकता है। झज्जर से आया था परिवार, दूल्हा फरार लोगों ने बताया कि शुक्रवार रात झज्जर जिले का एक परिवार यहां शादी के लिए आया हुआ था। जैसे ही कॉलोनी वालों को इसकी जानकारी मिली, उन्होंने हंगामा कर दिया। इसी दौरान दूल्हा और मुख्य पंडित मौके से फरार हो गए, वहीं दुल्हन को वहीं रोक लिया गया। जब पंडित की प्रोसीडिंग बुक की जांच की गई, तो उसमें 12 फरवरी को चार शादियां दर्ज मिली। दूल्हे के परिवार का कहना है कि वे झज्जर से करनाल शादी के लिए आए थे और लड़का व लड़की दोनों बालिग हैं। हमें यहां शादी करवाने की जानकारी मिली थी, इसलिए यहां आए हैं। पंडित बोले- गलत काम नहीं करते पंडित धीरू पांडे ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि जो भी काम किया जाता है, वह सही तरीके से किया जाता है और यहां कोई गलत काम नहीं होता। पुलिस बोली- शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई डायल-112 के पुलिस अधिकारी बलवान ने बताया कि उन्हें लोगों की ओर से सूचना मिली है। शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गहन और निष्पक्ष जांच हो, ताकि अगर कोई अवैध गतिविधि है तो उस पर कार्रवाई हो और किसी का भविष्य खराब न हो।