कांग्रेस विधायक ने जिला अध्यक्ष को जीते-जी स्वर्गीय बना दिया:गर्ल्स टॉयलेट में लगाई जेंट्स यूरिनल सीट; शिवराज का हाथ पकड़कर रोका, पिलाई लस्सी

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। कांग्रेस विधायक रजनीश सिंह की बड़ी भूल
सिवनी जिले के केवलारी से कांग्रेस विधायक ठाकुर रजनीश सिंह ने एक अजीबोगरीब गलती कर दी। उन्होंने अपनी ही पार्टी के जिला अध्यक्ष नरेश मरावी को जीते-जी ‘स्वर्गीय’ बता दिया। दरअसल, विधायक रजनीश सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा- आज ग्राम चुटका में हमारे साथी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष स्व. श्री नरेश मरावी जी के देवलोक गमन के पश्चात उनके निवास पहुंचकर फूल-माला अर्पित की। हैरानी की बात यह रही कि विधायक की साझा की गई तस्वीरों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी स्वयं उनके साथ खड़े नजर आ रहे थे। इस पोस्ट को देखकर लोग अचरज में पड़ गए और मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। असल में विधायक रजनीश सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी की माता के निधन पर श्रद्धांजलि देने उनके निवास पहुंचे थे। वहीं की तस्वीरें उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा कीं, लेकिन पोस्ट लिखते समय गलती से नरेश मरावी के नाम के आगे ‘स्वर्गीय’ लिख दिया गया। बाद में जब यह गलती पकड़ में आई तो पोस्ट को सुधार लिया गया। इस पर विधायक रजनीश सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि यह उनके कर्मचारियों की भूल थी। हालांकि, सफाई के बावजूद इस मामले को लेकर विधायक की काफी किरकिरी हुई। 90 डिग्री एंगल के ब्रिज के बाद अंडर टावर सड़क
भोपाल में 90 डिग्री एंगल वाले ब्रिज के बाद अब एक और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां हाईटेंशन लाइन के टावर के ठीक नीचे से सड़क निकाल दी गई है। मजबूरी में लोग पैदल, कार और बाइक से जान जोखिम में डालकर इसके नीचे से गुजर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हाईटेंशन टावर कई सालों से यहां मौजूद है। पहले आसपास कोई रिहायशी इलाका नहीं था, लेकिन समय के साथ आबादी बढ़ती गई और टावर के नीचे से आवाजाही शुरू हो गई। लोगों का यह भी कहना है कि एक तो इस रास्ते से बड़ी गाड़ियां नहीं निकल पातीं, वहीं बारिश के दिनों में करंट फैलने का डर बना रहता है। ऐसे में लोगों ने सरकार से इस ओर ध्यान देने की मांग की है। हालांकि सरकार कब इस मामले पर संज्ञान लेगी, यह तो आने वाला वक्त बताएगा, लेकिन फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। लड़कियों के शौचालय में पुरुषों के यूरिनल सीट
धार जिले के कुक्षी में भी एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक गर्ल्स स्कूल में छात्राओं के लिए बनाए गए शौचालय में जेंट्स यूरिनल सीट लगा दी गई। हैरानी की बात यह है कि इस शौचालय का निर्माण करीब 6 साल पहले हुआ था, लेकिन इतने लंबे समय तक इस गलती पर किसी का ध्यान नहीं गया। हाल ही में किसी ने अंदर जाकर वीडियो बनाया, तब जाकर यह लापरवाही सामने आई। वीडियो सामने आने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और अब वहां गर्ल्स यूरिनल सीट लगा दी गई है। हालांकि इस मामले को लेकर विभाग की काफी किरकिरी हो चुकी है। शिवराज को हाथ पकड़कर रोका, फिर लस्सी पिलाई
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हाल ही में ब्रज यात्रा पर गए थे। इस दौरान एक दुकानदार ने उन्हें बड़े प्रेम से रोका, उनका हाथ पकड़कर बैठाया और लस्सी पिलाई। लस्सी पिलाते हुए दुकानदार ने शिवराज सिंह चौहान से कहा कि सरकार से कहिए कि गिरिराज जी के ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए कुछ तो किया जाए। जब लस्सी पीने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने पैसे देने चाहे तो दुकानदार ने मना कर दिया। उसने कहा- नहीं साहब, आप जाइए। भुगतान तो हम बीजेपी वालों से ले लेंगे। आप बस विकास का ध्यान रखिए, भुगतान की तो कोई कमी नहीं है। इनपुट सहयोग – विनोद सोनी (सिवनी), ईश्वर सिंह परिहार (भोपाल), विजय सिंह बघेल (भोपाल), बृजमोहन जाजू (कुक्षी) ये भी पढ़ें –
मुख्यमंत्री को कहा ‘राजा राम’, मोहन ने लगा दी मुहर: समर्थकों ने कमलनाथ को फिर ‘सीएम’ की रेस में खींचा भाजपा विधायक शरद कोल और भाजपा सांसद राजेश मिश्रा ने भरे मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जमकर जय-जयकार की और उनकी तुलना भगवान राम से कर दी। इसके बाद जब मुख्यमंत्री संबोधन के लिए आए, तो उन्होंने ऐसा बयान दिया, जिससे लगा मानो उन्होंने विधायक और सांसद की भावनाओं का सम्मान किया हो। पूरी खबर पढ़ें