फतेहाबाद के टोहाना में लोगों ने किया रोड जाम:गंदे पानी की सप्लाई, सीवरेज ओवरफ्लो से परेशान; पब्लिक हेल्थ के खिलाफ नारेबाजी

Spread the love

टोहाना शहर के चंडीगढ़ रोड पर ऑटो मार्केट के सामने स्थानीय लोगों ने सोमवार को रोड जाम कर दी। गुस्साए लोगों ने सीवरेज ओवरफ्लो और पेयजल सप्लाई में गंदा पानी आने की समस्या से परेशान होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया गया। करीब 40 मिनट तक जाम लगा रहा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के प्रति अपना विरोध जताते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। जाम की सूचना मिलने पर डिपार्टमेंट के जेई दीपक मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। बीमारियों का बना हुआ है खतरा प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लगातार सीवरेज का गंदा पानी जमा होने से बीमारियों का खतरा बना हुआ है। इसके साथ ही, पीने के पानी में भी गंदा पानी मिलकर आ रहा है। इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है। दुकानों के आगे जमा हो रहा गंदा पानी प्रदर्शनकारी धर्मवीर, राजेश कुमार, नरेश कुमार आदि ने बताया कि सीवरेज का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर दुकानों के आगे जमा हो जाता है, जिससे ग्राहकों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। दुकानदारों को भी पूरे दिन परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जान बूझकर अधिकारी समस्या का स्थायी समाधान करने में कोताही बरत रहे हैं। जनप्रतिनिधि भी कोई सुध नहीं ले रहे हैं। इसलिए मजबूरन उन्हें रोड जाम कर प्रदर्शन करके प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना पड़ा है। समस्या का करवा रहे हैं समाधान-जेई पब्लिक हेल्थ डिपार्टमेंट के जेई दीपक ने बताया कि जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थे। लोगों को आश्वासन दिया है कि समस्या का समाधान करवा रहे हैं। जल्द ही परेशानी दूर कर दी जाएगी।