फतेहाबाद शहर के अशोक नगर में छह साल की बच्ची के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। गनीमत रही कि बच्ची के शोर मचाने पर आरोपी महिलाएं उसे छोड़कर मौके से फरार हो गईं। घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और परिजनों में रोष बना हुआ है। रात को मोहल्लेवासियों ने एकत्रित होकर रोष जताया। जानकारी के अनुसार, अशोक नगर की गली नंबर पांच में रविवार देर शाम को बच्ची अपने घर के पास गली में खेल रही थी। इसी दौरान वहां दो महिलाएं पहुंचीं और बच्ची से कहा कि तुम्हारी फ्रेंड बुला रही है। बातों में उलझाकर दोनों महिलाओं ने बच्ची को उठाने का प्रयास किया। बच्ची ने शोर मचाया तो घबरा गई महिलाएं परिजनों के अनुसार, बच्ची ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों के आने की आशंका से घबराकर महिलाएं बच्ची को कुछ दूरी पर छोड़कर मौके से फरार हो गई। इसके बाद बच्ची रोते हुए घर आई। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए और मामले को लेकर नाराजगी जताई। क्षेत्रवासियों ने आशंका जताई है कि कोई गिरोह शहर में सक्रिय हुआ है, जो बच्चों का अपहरण करने की फिराक में है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी बच्चों को अकेला बाहर न भेजने की अपील की है। हुडा चौकी में दी शिकायत बच्ची के परिजनों की ओर से हुडा चौकी पुलिस को शिकायत देकर आरोपी महिलाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
फतेहाबाद में बच्ची के अपहरण का प्रयास, VIDEO:दो महिलाओं ने उठाया, बोलीं- फ्रेंड बुला रही है; शोर मचाने पर छोड़कर भागी
