हांसी जिले के नारनौंद के पेटवाड़ स्थित एमडी फीड प्लांट में शनिवार दोपहर एक ट्रक से कुचले जाने से 6 वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची की पहचान हिमांशु के रूप में हुई है, जो अपने पिता के साथ प्लांट परिसर में मौजूद थी। जानकारी के अनुसार, प्रमोद राम निवासी सराय, जिला समस्तीपुर (बिहार) वर्तमान में पेटवाड़ स्थित एमडी फीड प्लांट में कार्यरत है। उसकी चार बेटियां हैं, जिनमें हिमांशु तीसरे नंबर की थी। शनिवार दोपहर करीब एक बजे हिमांशु प्लांट परिसर में खेल रही थी। इसी दौरान प्लांट के अंदर से गुजर रहे एक ट्रक ने लापरवाही से उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस कर रही ट्रक ड्राइवर की तलाश हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बच्ची के परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से पता चला कि ट्रक ड्राइवर पेटवाड़ निवासी मनोज था। सूचना मिलने पर नारनौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे के बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए हांसी के नागरिक अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
नारनौंद में ट्रक से कुचल कर बच्ची की मौत:एमडी फीड़ प्लांट में खेल रही थी, पिता कंपनी में करता है काम
