हरियाणा में आज से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इसका आशिंक प्रभाव हरियाणा में देखने को मिलेगा। इसके कारण कुछ इलाकों में बादलवाई देखने को मिल सकती है। वहीं तेज हवा चलने के भी आसार बने हुए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा में कड़ाके की ठंड के बीच अब दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ताजा बुलेटिन के मुताबिक, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.2°C की वृद्धि देखी गई है, जिससे लोगों को दिन के समय ठंड से थोड़ी राहत मिली है। आज हरियाणा में सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद में दर्ज किया गया, जहां पारा 24.1°C तक पहुंच गया। हिसार और भिवानी तापमान 23.0°C, अंबाला में 22.0°C, करनाल में 21.8°C और रोहतक में 21.6°C दर्ज किया गया है।
रातें अभी भी ठंडी, तापमान बढ़ा भले ही दिन में धूप खिलने से तापमान बढ़ा है, लेकिन रातें अभी भी काफी ठंडी बनी हुई हैं। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल (महेंद्रगढ़) और भिवानी में 6.5°C रिकॉर्ड किया गया। औसत न्यूनतम तापमान में भी कल की तुलना में 1.2°C की मामूली बढ़त हुई है, जो फिलहाल सामान्य के करीब बना हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, राज्य के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है। 9 व 10 फरवरी को फिर मौसम बदलेगा और प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम एक्सपर्ट बोले- इस दिन दो आएंगे पश्चिमी विक्षोभ आज पहला डब्ल्यूडी आएगा: चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि 10 फरवरी तक लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण राज्य के मौसम में बदलाव बना रहने की संभावना है। पहले पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 6 व 7 फरवरी को आंशिक बादलवाई रहने और मध्यम से तेज गति से हवाएं चलने की संभावना है। 9-10 को दूसरा डब्ल्यूडी आएगा: एक्सपर्ट ने बताया कि 9 फरवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण 9 फरवरी की रात व 10 फरवरी को राज्य में आंशिक बादलवाई और कहीं-कहीं हवाओं व गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
हरियाणा में आज से चलेगी तेज हवाएं:पश्चिमी विक्षोभ का दो दिन रहेगा आशिंक असर, अधिकतम तापमान 25 डिग्री के करीब पहुंचा
