फतेहाबाद में रोडवेज बस-बाइक की टक्कर, 2 की मौत:दोनों युवक घर लौट रहे थे; एक मां-बहन का इकलौता सहारा

Spread the love

फतेहाबाद जिले में भूना और गांव नाढोड़ी के बीच में रोडवेज बस और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। युवक भूना से गांव नाढोड़ी की ओर जा रहे थे। वहीं, बस नाढोड़ी से भूना की ओर जा रही थी। हालांकि, दोनों युवकों को तत्काल सीएचसी भूना ले जाया गया। मगर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पाकर काफी ग्रामीण सीएचसी में एकत्रित हुए। वहीं, पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। दोनों के शवों का पोस्टमॉर्टम कल मंगलवार को फतेहाबाद के सिविल अस्पताल में करवाया जाएगा। बाइक पर भूना से घर जा रहे थे दोनों जानकारी के अनुसार, गांव नाढोड़ी के आजाद सिंह (18) और पवन कुमार (17) सोमवार देर शाम को बाइक पर सवार होकर अपने गांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नाढोड़ी से रोडवेज बस लेकर ड्राइवर भूना की तरफ जा रहा था। आरोप है कि रोडवेज ड्राइवर ने रोंग साइड से बस चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि उन्हें तत्काल भूना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। मगर डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। लेमिनेशन की दुकान पर काम करता था पूर्व सरपंच सुमित कुमार ने बताया कि पवन कुमार और आजाद सिंह भूना में लेमिनेशन की दुकान पर काम करते थे। दोनों ही बेहद साधारण परिवार से हैं। पवन कुमार अपने परिवार में कमाने वाला अकेला ही था। परिवार का इकलौता बेटा था पवन कुमार ग्रामीणों के अनुसार, पवन कुमार के पिता सतवीर उर्फ ननूराम की चार साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। अब परिवार में मां और बहन बची है। वहीं आजाद सिंह का परिवार भी मजदूरी करता है।