यमुनानगर में शराब पीते समय बोतल गिरने से हुए विवाद में ठेकेदार के पीटने से घायल प्लाईवुड फैक्ट्री के मजदूर की वीरवार को पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत का पता लगते ही परिवार के लोगों व महिलाओं एक साथ फैक्ट्री के बाहर धरना देकर बैठ गए। सूचना मिलते ही यमुनानगर सदर थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। एक ओर जहां परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की जा रही है, तो दूसरी तरफ रोते हुए पत्नी ने कहा कि उसे खून के बदले खून चाहिए, तभी उसके पति को इंसाफ मिलेगा। वहीं, पुलिस ने आरोपी ठेकेदार उत्तर प्रदेश के जिला शामली के ऊंचा गांव निवासी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। डंडों से पीटा, अधमरा किया गुलाबगढ़ निवासी राहुल ने बताया कि उसकी मासी का लड़का रायपुर निवासी 30 वर्षीय सतीश कुमार कृष्णा प्लाईवुड शादीपुर में नौकरी करता था। रविवार को ठेकेदार मोहित ने उसे फोन कर दिहाड़ी के रुपए लेने के लिए बुलाया। जब सतीश वहां पर पहुंचा तो उसके हाथ से शराब की बोतल गिर गई। इस दौरान दोनों में बहस हो गई। आरोप था कि मोहित ने उसे डंडों से पीटकर अधमरा कर दिया। इतनी बेहरमी से पीटा कि वह अचेत हो गया। इस बारे में पता लगने पर तुरंत फैक्ट्री में पहुंचे थे और घायल अवस्था में सतीश को अस्पताल में दाखिल कराया था। जहां से उसे पीजीआइ रेफर कर दिया था। मजदूरी के पैसे लेने गया था सतीश रविवार को तीन माह की मजदूरी के करीब 45 हजार रुपए लेने के लिए ठेकेदार के पास गया था। जहां वह शराब पीने लगा। इसी दौरान उनकी बहस हो गई। इस पर ठेकेदार मोहित ने उसके सिर में बोतल मार दी। इसके बाद मोहित ने ही उसके परिजनों को फोन कर बताया कि सतीश को चोट लगी है। बताया जा गया कि मृतक सतीश शादीशुदा था। उसका तीन साल का एक बेटा है। प्लाईवुड फैक्ट्री में वह पीलिंग मशीन पर कार्य करता था। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह का कहना है कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यमुनानगर में ठेकेदार की पिटाई से मजदूर की मौत:शराब की बोतल गिरने पर हुआ झगड़ा, पत्नी बोली- खून के बदले खून चाहिए
