रोहतक में चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा की पुण्यतिथि पर पहुंचे सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने केंद्रीय बजट को लेकर सरकार को घेरा और कहा कि उन्हें केंद्र सरकार के बजट से उम्मीद तो बहुत थी, लेकिन नाउम्मीदी भी है। क्योंकि हरियाणा की पिछले 12 साल से बजट में अनदेखी की जा रही है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि, हरियाणा से एक के बाद एक बड़े प्रोजेक्ट छीने गए हैं। महम में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनना था, जिसे भाजपा जेवर लेकर चली गई। सोनीपत में रेल कोच फैक्ट्री बननी थी, उसे भी छीन लिया। उन्हें उम्मीद कम ही है कि दोनों प्रोजेक्ट वापस हरियाणा में लाए जाएंगे। बाढ़सा में नहीं बनाए 10 संस्थान सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के समय बाढ़सा एम्स में 11 बड़े संस्थान बनने थे। कैंसर अस्पताल का पत्थर तत्कालीन पीएम मनमोहन सिंह ने रखा था। बाकी 10 संस्थानों की फाइल ठंडे बस्ते में पड़ी हुई है। मेट्रो का विस्तार हरियाणा में नहीं किया गया। भाजपा के कार्यकाल में एक खंबा भी नहीं लगाया गया। कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा को मेजबानी देने की मांग सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 में होने जा रहे हैं, जिसकी मेजबानी अहमदाबाद को दी है। उनकी मांग है कि मेरिट के आधार पर मेजबानी में हरियाणा को भी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, ताकि लाखों करोड़ रुपए का निवेश हरियाणा में हो सके। भाजपा सरकार में बने कई रिकॉर्ड सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि निर्मला सीतारमण द्वारा नौंवी बार बजट पेश करना रिकॉर्ड नहीं है, बल्कि रिकॉर्ड यह बना कि 78 साल में डॉलर के मुकाबले रुपया सबसे सस्ता हो गया। 78 साल में देश पर 82 प्रतिशत कर्ज बढ़ गया। व्यापार घाटा सबसे निम्न स्तर पर पहुंच गया। फौज कच्ची हो गई, यह रिकॉर्ड बना है। नए प्रोजेक्ट आने की कोई उम्मीद नहीं सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि उन्हें भाजपा सरकार से नए प्रोजेक्ट हरियाणा के लिए आने की कोई उम्मीद नहीं है। लेकिन इतनी उम्मीद तो कर सकते हैं कि कांग्रेस के समय जो प्रोजेक्ट पास किए गए थे, भाजपा उन्हें ही शुरू करवा दें, ताकि हरियाणा का विकास हो सके।
रोहतक में MP दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र को घेरा:बजट पर बोले- 12 साल से हरियाणा की अनदेखी, नए प्रोजेक्ट मिलने की उम्मीद नहीं
