फरीदाबाद में भूपेंद्र हुड्डा ने केंद्र पर साधा निशाना:UGC पर बोले-कांग्रेस को कोर्ट पर भरोसा; सतलुज-यमुना लिंक पर कार्रवाई करे सरकार

Spread the love

फरीदाबाद पहुंचे हरियाणा के नेता विपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यूजीसी के नए नियमों, सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर विवाद, मनरेगा और लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर केन्द्र सरकार पर तीखा हमला बोला। UGC के नए नियमों पर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार को कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं, बल्कि सोच-समझकर लेना चाहिए। SYL मुद्दे पर उन्होंने साफ कहा कि जनता को गुमराह किया जा रहा है। बार-बार बैठकों का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में पहले ही फैसला सुना चुका है। हुड्डा ने कहा कि 2002 में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आया था और 2016 में भी हरियाणा के पक्ष में निर्णय हुआ। अब इसकी जिम्मेदारी केंद्र सरकार और पंजाब सरकार की है। सुप्रीम कोर्ट से बड़ा कोई नहीं होता। मौजूदा सरकार करे कार्रवाई भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यह भी कहा कि जब तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सर्वदलीय बैठक बुलाई थी, तब प्रधानमंत्री से मिलने का निर्णय लिया गया था। मौजूदा सरकार को चाहिए कि वह इस मामले में कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट की कार्रवाई करे। हरियाणा मनरेगा में नही मिल रहा रोजगार मनरेगा को लेकर हुड्डा ने कहा कि योजना का नाम बदलने से कुछ नहीं होता, असली मुद्दा जमीन पर काम का है। हरियाणा में मनरेगा के करीब 8 लाख पंजीकृत श्रमिक हैं, लेकिन सरकार केवल 2100 लोगों को ही 100 दिन का रोजगार दे पाई है। लाडो लक्ष्मी योजना पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि सरकार की नीयत इससे साफ झलकती है। पहले 18 से 60 साल तक की सभी महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात कही गई थी। अगर ऐसा होता, तो राज्य की करीब 85 लाख महिलाओं को इसका लाभ मिलना चाहिए था।