हरियाणा के पलवल जिले में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में करोड़ों रुपए के घोटाले का मामला सामने आया है। बैंक के सीनियर ब्रांच मैनेजर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लगभग 2.69 करोड़ रुपए का गबन किया। वर्तमान शाखा प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन शाखाओं में किया गया फर्जीवाड़ा गदपुरी थाना प्रभारी अश्वनी कुमार के अनुसार, पीएनबी शाखा प्रबंधक धतीर डीगराम दहिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सीनियर ब्रांच मैनेजर अभिषेक गर्ग ने वर्ष 2018 से 2021 के बीच धतीर (पलवल), सेक्टर-17 फरीदाबाद और मानव रचना फरीदाबाद शाखाओं में बतौर प्रबंधक रहते हुए यह घोटाला किया। आरोपी ने 15 फर्जी कस्टमर आईडी बनाईं और उनके नाम पर दर्जनों बोगस खाते खोले। इसके लिए फर्जी आधार कार्डों का इस्तेमाल किया गया। फर्जी फर्मों के नाम पर पास किए गए लोन जांच में सामने आया कि आरोपी ने जसवीर सिंह, मनोज त्यागी, अनीता सिंह, संगीता, नरेश कुमार सहित अन्य व्यक्तियों के नाम पर फर्जी खाते खोले। साथ ही ‘आरब ट्रेडर्स’ और ‘त्यागी ट्रेडर्स’ जैसी फर्जी फर्मों के नाम पर भी लोन पास किए गए। इन लोन की राशि आरोपी ने अपने परिचितों और रिश्तेदारों के खातों में ट्रांसफर की और बाद में खुद ही निकाल ली। आंतरिक जांच में हुआ खुलासा, आरोपी बर्खास्त इस घोटाले का खुलासा मार्च 2023 में बैंक की आंतरिक जांच के दौरान हुआ। विस्तृत जांच में अभिषेक गर्ग को दोषी पाया गया। जांच रिपोर्ट 2 सितंबर 2025 को पेश की गई, जिसके बाद बैंक प्रबंधन ने अगस्त 2025 में उसे पद से बर्खास्त कर उसकी सेवाएं समाप्त कर दीं। पुलिस ने दर्ज किया केस, गिरफ्तारी की तैयारी वर्तमान शाखा प्रबंधक डीगराम दहिया और बैंक के सर्कल कार्यालय गुरुग्राम की शिकायत पर गदपुरी थाना पुलिस ने 26 जनवरी को आरोपी अभिषेक गर्ग के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, रिकॉर्ड में हेराफेरी और आपराधिक विश्वासघात जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गदपुरी थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी और आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पलवल में बैंक मैनेजर ने 2.70 करोड़ का गबन किया:PNB की तीन शाखाओं में 15 फर्जी खाते खोले; लोन लेकर रुपए हड़पे, FIR
