मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। बाबा रामदेव की बात पर शरमा गए धीरेंद्र शास्त्री
बाबा रामदेव ने एक बार फिर पंडित धीरेंद्र शास्त्री की शादी की बात छेड़ दी। वो भी उन्हीं के मंच से। यह सुनकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री शरमा गए और चुपचाप मुस्कुराते हुए बाबा रामदेव की बातें सुनते रहे। बाबा रामदेव ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री से कहा- आप आज बड़े क्यूट लग रहे हो। फिर हंसते हुए जोड़ा कि महाराज मुझे देखकर घबरा जाते हैं कि कहीं मैं इनकी शादी न करा दूं। योग गुरु यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा- मैंने तो बिटिया भी देख रखी है। बता दें कि बाबा रामदेव राजस्थान के कोटा जिले के रामगंज मंडी में पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा में पहुंचे थे। वहां उन्होंने कहा कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री का जलवा बहुत जोरदार है, बाकी सबका जलवा फीका-फीका है। अब खरी बात ये है कि पंडित धीरेंद्र शास्त्री की शादी की चर्चा लंबे समय से चल रही है। खुद उनकी माता भी बेटे की जल्द से जल्द शादी करना चाहती हैं। लेकिन धीरेंद्र शास्त्री के मन में क्या चल रहा है, ये तो तभी पता चलेगा जब कोई उनकी नाम की पर्ची निकालेगा। मंत्री के वीडियो म्यूट करके जारी कर रहा जनसंपर्क
अक्सर अपने बयानों की वजह से सुर्खियों और विवादों में रहने वाले मंत्री विजय शाह की आवाज उनकी ही सरकार ने बंद कर दी है। ऐसा इसलिए कहना पड़ रहा है, क्योंकि जनसंपर्क विभाग की ओर से मीडिया को दिए जा रहे मंत्री शाह के वीडियो अब म्यूट करके जारी किए जा रहे हैं। मंत्री विजय शाह ने पिछले साल आर्मी ऑफिसर कर्नल सोफिया पर जो बयान दिया था, उसे लेकर हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक नाराजगी जता चुके हैं। विपक्ष लगातार उनके इस्तीफे की मांग कर रहा है। ऐसे विवादित बयानों की मंत्री के खाते में पहले से ही लंबी फेहरिस्त है। कर्नल सोफिया पर दिए बयान से सरकार की भी जमकर किरकिरी हुई थी। अब सरकार नहीं चाहती कि मंत्री कोई नया बखेड़ा खड़ा करें, इसलिए उनके वीडियो म्यूट करके जारी किए जा रहे हैं। खरी बात ये है कि मंत्री विजय शाह को लेकर सरकार की हालत ऐसी हो गई है कि दूध का जला अब छाछ भी फूंक-फूंककर पी रहा है। विधायक के समर्थक ने की भूल, कांग्रेस हमलावर
बीते दिनों रीवा के मनगवां से भाजपा विधायक नरेंद्र प्रजापति का जन्मदिन कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। इस दौरान उत्साह में एक कार्यकर्ता से ऐसी भूल हो गई, जिसे लेकर अब कांग्रेस न सिर्फ विधायक बल्कि पूरी भाजपा पर हमलावर है। मामला ये है कि एक कार्यकर्ता ने विधायक के केक काटने के बाद वही केक उनके गाल पर लगा दिया। तभी वहां मौजूद एक अन्य कार्यकर्ता ने ‘जय श्रीराम’ लिखा हुआ भगवा गमछा लेकर विधायक का चेहरा पोंछ दिया। अब कांग्रेस इसे सनातन धर्म का अपमान बता रही है। कांग्रेस का कहना है कि केक बनाने में अक्सर अंडों का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में अंडे से बने केक को ‘जय श्रीराम’ लिखे गमछे से पोंछना पाप के समान है। आखिरकार टीचर के चोरी हुए जूते खोज लाई पुलिस
कहते हैं न कि कानून के हाथ लंबे होते हैं। गुना पुलिस ने इसे साबित कर दिखाया है। पुलिस ने एक मंदिर से चोरी हुए सरकारी शिक्षक के करीब चार हजार रुपए कीमत के जूते खोज निकालकर उन्हें वापस सौंप दिए। शिक्षक राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि वे प्रशासन का बहुत धन्यवाद देना चाहते हैं, जिन्होंने इस मामले में कार्रवाई की। उन्होंने कहा- पुलिस ने छोटी से छोटी चोरी को भी ढूंढ निकाला गया है। जूते वापस मिल गए हैं। सभी ने मेरा बहुत सहयोग किया। पुलिस का कहना है कि चोरी चाहे छोटी हो या बड़ी, वह हर मामले में पूरी शिद्दत से कार्रवाई करती है। अब भले ही इस मामले में पुलिस को शाबाशी मिल गई हो, लेकिन अक्सर उसके खाते में बदनामी ही आती है। ऐसे में यह मामला एक सबक है कि अगर पुलिस चाहे तो क्या कुछ नहीं कर सकती। बस अपने बंधे हुए लंबे हाथ खोलने की जरूरत है। इनपुट सहयोग – सावन राजपूत (खंडवा), अभिलाष मिश्रा (रीवा), आशीष रघुवंशी (गुना) ये भी पढ़ें –
नहीं हुआ कंट्रोल, पुलिसवाले का डांस फूट पड़ा: एक भूल ने कराई कांग्रेस की किरकिरी एक पुलिसकर्मी भजन की धुन पर खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए। शुरुआत में वर्दी की मर्यादा आड़े आई। साहब पहले हल्का सा थिरके, फिर खुद को संभाल लिया। फिर हलचल मची, लेकिन वे फिर शांत हो गए। मगर भजन की धुन ऐसी थी कि मन पर काबू ज्यादा देर तक नहीं रह सका। थोड़ी ही देर में साहब का डांस फूट पड़ा। पूरी खबर पढ़ें
रामदेव ने शादी के नाम पर छेड़ा, शरमाए धीरेंद्र शास्त्री:सरकार ने बंद की मंत्री की आवाज; श्रीराम लिखे गमछे से पोछा बीजेपी विधायक का चेहरा
