सिरसा में बालियां छीनकर आरोपियों ने लिया गोल्ड लोन:2 स्नैचर गिरफ्तार, बुजुर्ग महिला से की स्नैचिंग, बैंक अधिकारियों से पूछताछ करेगी पुलिस

Spread the love

सिरसा के रोड़ी में मंगलवार को बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां छीनने के मामले में बाइक राइडर्स दोनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में कई खुलासे किए और बताया कि छीनी गई बालियों पर लोन लिया है। यह कारनामा इंडिया इन्फो लाइन,फाइनेंस गोल्ड लोन बैंक मानसा ने किया है। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने चोरी की बालियों पर करीब 72 हजार रुपए का लोन कर दिया। अब गोल्ड लोन बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों पर भी गाज गिर सकती है। ये जांच का विषय है कि आरोपियों ने किसी सेटिंग के खेल से गोल्ड लोन लिया है या सांठ-गांठ कर कमीशन देकर लिया है। ये सब पुलिस पता लगाएगी। पुलिस ने आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लिया है और बाकी अपराधों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। बैंक अधिकारी व कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में संलिप्त दोनों आरोपी पंजाब के जिला मानसा से नंगल कलां निवासी बिंदर खान उर्फ फंगली एवं बिंदर सिंह को नहर पुल रोड़ी क्षेत्र से पकड़ा है और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर लिया है। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसके बाद ये पकड़े गए। निशानदेही से बरामद की जाएगी बालियां इस मामले में रोड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि बीती 20 जनवरी को गांव रोड़ी निवासी मेवा सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी, जिसमें बताया कि उसकी माता बुजुर्ग है और वह गली में घूमने के लिए घर से बाहर निकली थी। पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उसकी माता के कानों की बालियां झपट कर मौका से फरार हो गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उक्त सोने की बालियां इंडिया इन्फो लाइन, फाइनेंस गोल्ड लोन बैंक मानसा में देकर लोन करवा लिया है। आरोपियों से पूछताछ कर उनकी निशानदेही पर सोने की बालियां बरामद की जाएगी।