रेवाड़ी में नवनिर्वाचित पार्षद के विजय जुलूस पर हमला:पूर्व पार्षद सहित 2 लोग घायल, भाजपा उम्मीदवार और समर्थकों पर लगाए आरोप

Spread the love

रेवाड़ी में नगर परिषद चुनाव की मतगणना के बाद हिंसा देखने को मिली। वार्ड 14 के नवनिर्वाचित निर्दलीय पार्षद चंदन यादव अपने समर्थकों के साथ विजय जुलूस निकाल रहे थे। इसी दौरान नई बस्ती में भाजपा उम्मीदवार के समर्थकों ने जुलूस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में पूर्व पार्षद दिलीप माटा और नवनिर्वाचित पार्षद के भतीजे घायल हो गए। घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया। नवनिर्वाचित पार्षद के विजयी जुलूस पर हमले की सूचना के बाद पूर्व विधायक चिरंजीव राव और रेवाड़ी बार एसोसिएशन के प्रधान विश्वमित्र घायलों से मिलने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। बार प्रधान ने कहा कि रेवाड़ी में कोई भी वकील पर हमले के आरोपियों का केस नहीं लड़ेगा। हिंसा के लिए कोई जगह नहीं बार प्रधान विश्वमित्र ने कहा कि चुनाव में हार-जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं। चंदन यादव बार के उप प्रधान भी रहे हैं और पूरी बार में उन जैसा सहनशील कोई नहीं है। चुनाव में इस बार जनता ने उन्हें चुना है। हो सकता है, अगली बार हारने वाले को चुन लें। चुनाव में चंदन को वोट देकर जनता ने विरोधियों को हराया है। ऐसे में हमला करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। बार का कोई भी वकील आरोपियों का केस नहीं लड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में पूरी बार चंदन यादव के साथ है। कानून व्यवस्था की खुली पोल पूर्व विधायक चिरंजीव राव पहले घटना स्थल पर पहुंचे और फिर ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों से मिले। चिरंजीव राव ने कहा कि इस घटना ने जिले में कानून व्यवस्था की पोल खोल दी है। भाजपा राज में गुंडे सरेआम दिनदहाड़े चुने हुए प्रतिनिधियों पर हमला कर रहे हैं और पुलिस मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रही है। आपराधियों में पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं है। वार्ड 14 से पार्षद चुने गए चंदन यादव नगर परिषद के वार्ड 14 से चंदन यादव ने भाजपा उम्मीदवार को हराकर निर्दलीय चुनाव जीता। चुनाव के नतीजे आने के बाद चंदन यादव के समर्थक वार्ड में विजयी जुलूस निकाल रहे थे। हमले के आरोप भाजपा उम्मीदवार और उसके समर्थकों पर लग रहे हैं।