नूंह जिले के पुन्हाना थाना क्षेत्र में देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौत हो गई। यह घटना गांव लहरवाड़ी के पास हुई। मृतकों की पहचान राजस्थान के डिग जिले के गांव आलमपुर निवासी 30 वर्षीय वकील और उनकी मां रिहाना के रूप में हुई है। मृतक के भाई फकरुद्दीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वकील अपनी मां रिहाना के साथ बाइक पर सवार होकर रिश्तेदारी में गांव सिंगार जा रहे थे। शाम करीब सात बजे जब वे गांव लहरवाड़ी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर फरार इस टक्कर से मां-बेटे सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुन्हाना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शादी की खुशियां मातम में बदली जानकारी के अनुसार, परिवार में दो दिन बाद शादी का कार्यक्रम था। घर में खुशी का माहौल था और शादी की तैयारियां चल रही थीं। इस हादसे के कारण परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद परिजनों का बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने बताया कि फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नूंह में एक्सीडेंट में राजस्थान के मां-बेटे की मौत:ट्रक ने मारी बाइक को टक्कर, रिश्तेदारी में जा रहे, परिवार में दो दिन बाद शादी
