हरियाणा के कई जिलों में बारिश हो रही है। दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट के पानीपत, सोनीपत यमुनानगर सहित हिसार, फतेहाबाद, झज्जर, रेवाड़ी, फतेहाबाद, सिरसा और महेंद्रगढ़ में सुबह से ही बूंदाबांदी देखने को मिली। पश्चिमी विक्षोभ के कारण ओलावृष्टि की भी संभावना है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 7 जिलों कैथल, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 60 किलोमीटर/ घंटे की दर से ठंडी हवाएं चल रही है। इसके अलावा बाकी जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जनवरी तक बारिश के आसार बने रहेंगे। हालांकि, बादलों की आवाजाही से रात के तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे रात की ठिठुरन कम होगी, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट की स्थिति बनी रहेगी। अब देखिए बारिश के PHOTOS… एक्सपर्ट ने बताया आगे कैसा रहेगा मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 25 जनवरी तक प्रदेश में बारिश की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई जिलों में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। 24 जनवरी का रात से एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के आने की भी आशंका है, जिससे 25 जनवरी से अधिकतर जिलों में बारिश की संभावना बन रहेगी। हांलाकि इससे रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहने और दिन के तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, आज हरियाणा में तापमान में 0.6°C की मामूली वृद्धि दर्ज की जा सकती है। हालांकि, यह औसत तापमान सामान्य से 4.8°C काफी अधिक बना हुआ है, जो सर्दियों के इस समय के हिसाब से असामान्य गर्मी का संकेत है। गुरुवार को राज्य में सर्वाधिक तापमान रोहतक में 26.1°C दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक 3.1°C की वृद्धि देखी गई, जबकि फरीदाबाद में तापमान में 2.2°C की गिरावट दर्ज की गई।
हरियाणा के 10 जिलों में तेज गरज के साथ बारिश:दिल्ली-चंडीगढ़ बेल्ट में सुबह से बूंदाबांदी, ठंडी हवाएं चल रही; 2 दिन खराब रहेगा मौसम
