गुरुग्राम में नगर निगम की गाड़ी पलटी:4 कर्मचारी घायल, पिकअप ने टक्कर मारी थी; आरोपी पर केस दर्ज

Spread the love

गुरुग्राम में सीएंडडी (कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन) वेस्ट डंपिंग रोकने के लिए गश्त कर रहे नगर निगम के चार कर्मचारी एक सड़क हादसे में घायल हो गए। थाना भोंडसी क्षेत्र में हाईवे पर एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने नगर निगम की सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स (एसएसएफ) की सरकारी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी पलट गई। इस मामले में भोंडसी थाने में अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना 18 जनवरी 2026 की सुबह हुई। नगर निगम की सरकारी गाड़ी सुभाष चौक से भोंडसी की ओर हाईवे पर गश्त कर रही थी। वाहन में ड्राइवर नवीन के साथ नगर निगम के कर्मचारी अरुण, सचिन और एसपीओ राकेश सवार थे। इसी दौरान एक पिकअप वाहन के चालक ने अचानक कट मारते हुए लापरवाही से गाड़ी चलाई और पिकअप की पिछली साइड सरकारी गाड़ी के ड्राइवर साइड से टकरा गई, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे में चालक नवीन, एसपीओ राकेश, डीईओ अरुण और कर्मचारी सचिन को चोटें आईं। नगर निगम की दूसरी पेट्रोलिंग टीम, जो पीछे चल रही थी, तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने पलटी हुई गाड़ी को सीधा करवाया और घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिलाया। पुलिस ने शिकायत दर्ज की, जांच जारी शिकायत के आधार पर थाना भोंडसी में एफआईआर नंबर 27, दिनांक 18 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है और आरोपी वाहन व चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स सप्ताह के सातों दिन, चौबीसों घंटे अवैध सीएंडडी वेस्ट डंपिंग पर नजर रखे हुए है। जुलाई माह से अब तक निगम द्वारा 324 चालान कर करीब 82.95 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। इससे पहले भी 33 वाहन मालिकों या चालकों के खिलाफ 29 एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी हैं और करीब 54 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है।निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या निर्माण मलबा डालना कानूनन अपराध है। सड़क, खाली प्लॉट, नाले, पार्क या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।