करनाल जिला में तरावड़ी से पखाना रोड पर पखाना गांव के पास रविवार को एक सड़क हादसा हो गया। राइस मिल से अचानक बाहर निकले ट्रक से बचने के प्रयास में सामने से आ रही कार डिस बैलेंस होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार में सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। राइस मिल से अचानक निकला ट्रक बना हादसे की वजह
जानकारी के अनुसार पंजाब के सरहिंद निवासी सतविंद्र कौर पत्नी जोगिंद्र सिंह रविवार को कार में सवार होकर तरावड़ी से पखाना की ओर जा रही थीं। जब उनकी कार पखाना गांव के पास पहुंची, तभी एक राइस मिल से ट्रक अचानक सड़क पर आ गया। ट्रक के अचानक सामने आने से कार चालक ने टक्कर से बचने के लिए तुरंत दूसरी ओर स्टेयरिंग घुमा दी। इसी दौरान कार संतुलन खो बैठी और सीधे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा देख लोगों ने किया रेस्क्यू
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर एकत्रित हो गए। कार में सवार सतविंद्र कौर को गंभीर चोटें आईं। लोगों ने कार का दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को कॉल किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आई पूरी घटना
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक लाल केबिन वाला ट्रक राइस मिल से बाहर निकलते समय मोड़ काट रहा है। उसी दौरान दूसरी दिशा से आ रही कार ट्रक को बचाने के लिए अचानक कट मारती है और सीधे पेड़ से टकरा जाती है। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचते हैं और कार सवार महिला को बाहर निकालते हैं। शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
करनाल में बेकाबू होकर पेड़ से टकराए ट्रक का वीडियो:राइस मिल से निकलकर बिगड़ा बैलेंस; बाल-बाल बचा परिवार; महिला की हालत गंभीर
