हिसार में प्री-बजट की मीटिंग पहुंचे CM:कहा-सुझावों को बजट में शामिल करेंगे; टाउन पार्क का उद्घाटन भी किया

Spread the love

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में प्री-बजट मीटिंग में मुख्यमंत्री ने किसानों और वैज्ञानिकों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि आज की बैठक मेरे लिए विशेष महत्व की बैठक है। कृषि परिवार से ही मेरा नाता है। कृषि क्षेत्र में आने वाली कठिनाइयों को बड़ी नजदीक से देखा और महसूस किया है। हमारे कृषि शक्ति हमारी समृद्ध ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष हुई बैठक में बहुमूल्य 161 सुझाव मिले थे। इनमें से 99 सुझावों को बजट में शामिल किया गया था। बजट मीटिंग के बाद मुख्यमंत्री ने हिसार के टाउन पार्क का उद्घाटन किया। करीब साढ़े 14 करोड़ की लागत से टाउन पार्क का जीर्णोद्धार किया गया है। मुख्यमंत्री ने पार्क में घूमकर यहां हुए कार्यों को भी देखा और हिसार के लोगों को पार्क समर्पित भी किया। एचएयू में बोले- यहां के 99 सुझाव बजट में डाले गए थे एचएयू में मुख्यमंत्री ने कहा कि नकली बीज की रोकथाम के लिए हरियाणा विधानसभा में बिल लेकर आए थे। मोरनी क्षेत्र के लिए कृषि एवं बागवानी कार्य योजना भी बनाई गई। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए योजनाओं को सशक्त किया गया। मेरा पानी मेरी विरासत के तहत अनुदान राशि को भी बढ़ाने का किया काम। इसके साथ ही पशुधन बीमा योजना के अंतर्गत अधिक पशुओं को बीमा सुरक्षा देना सुनिश्चित किया गया। किसानों की आय बढ़ाने के लिए प्रदेश में कई योजनाएं लाई गई। पिछले वर्ष कृषि एव संबंधित विभागों के लिए 9 हजार 296 करोड़ 68 लाख रुपए आवंटित किए गए थे। कृषि क्षेत्र के विकास के लिए बजट प्रावधानों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।