कैथल में गाड़ी ने महिला को टक्कर मारी, मौत:सैर करके घर जा रही थी, गांव रोहेड़ा का मामला

Spread the love

कैथल के गांव रोहेड़ा में स्टेडियम से सैर कर लौट रही बुजुर्ग महिला को क्रेटा कार ड्राइवर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। ड्राइवर अपनी कार छोड़कर मौके से भाग गया। इस संबंध में मृतका के भांजे ने राजौंद थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव के स्टेडियम में गई गांव रोहेड़ा निवासी मनजीत ने बताया कि वह और उसकी मौसी प्यारी देवी उम्र 67 वर्ष शाम के समय गांव में बने स्टेडियम में सैर करने जाते हैं। वे रोजाना की तरह शाम को 5:30 बजे स्टेडियम में सैर करने गए हुए थे। उसकी मौसी उससे पहले सैर समाप्त करके गांव के पास सड़क के पास बरगद के पेड़ के नीचे रखी ग्राम पंचायत द्वारा पत्थर की कुर्सियों पर उसका इंतजार करने के लिए बैठ गई। दो व्यक्ति घायल हुए वहां पर राजौंद की तरफ से आई एक क्रेटा कार के ड्राइवर ने तेजगति और लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उसकी मौसी को टक्कर मार दी। साथ ही सड़क पर आने के लिए साइड में मोटरसाइकिल लेकर खड़े दो व्यक्तियों को भी टक्कर मार दी। कार ड्राइवर मौके पर कार छोड़कर भाग गया। इस हादसे में उसकी मौसी की मौत हो गई। मोटर साईकिल पर सवार दोनों व्यक्ति राजौंद के रहने वाले हैं। उनका नाम सुरेश व संजय है। वे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। वे उसकी मौसी प्यारी देवी के लेकर सरकारी अस्पताल कैथल गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने आरोपी कार ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राजौंद थाना एसएचओ सतपाल ने बताया कि इस संबंध में मृतका के भानजे ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।