हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार की सुबह बजघेड़ा स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री और गोदाम में भीषण आग लग गई। धीरे-धीरे आग ने भयावह रूप ले लिया और आसपास के दूसरे गोदामों तक पहुंचनी शुरू हो गई। फैक्ट्री कर्मचारियों ने शुरू में तो खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मगर, आग बढ़ने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गई। आग की भयावहता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाके को खाली करा लिया। आसमान में धुएं का काला गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है। आसपास की छह सोसाइटीज में इस धुएं से अफरा-तफरी का माहौल रहा। साढ़े आठे बजे तक टीमों ने काफी हद तक आग पर काब पा लिया था। इससे पहले शनिवार देर रात को सिकंदरपुर के पास झुग्गियों में भी भीषण आग लग गई थी, जिसमें 100 से ज्यादा झुग्गियां जल गई थी। रविवार सुबह तक फायर ब्रिगेड की टीमें झुग्गियों की आग बुझाने में जुटी रही। शुक्रवार की सुबह वहां भी सर्चिंग अभियान चलाया गया। PHOTOS में देखें आग की भयावहता… सुबह पांच बजे आग लगने का पता चला फैक्ट्री वर्करों को रविवार सुबह पांच बजे आग लगने का पता चला। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, संभवतः शॉर्ट सर्किट या फिर किसी चिंगारी से भड़की है। फैक्ट्री वर्करों ने पहले तो खुद ही पानी और मिट्टी आदि डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सवा पांच बजे पहुंच गई थी, जिन्होंने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद काफी हद तक आग पर काब पा लिया था। घटनास्थल के पास 6 सोसाइटी, धुएं से हुई परेशानी बजघेड़ा स्थित जिस फैक्ट्री और गोदामों में यह आग लगी, उसके आसपास काफी स्क्रैप गोदाम है। लकड़ियों के दो गोदाम भी आग की चपेट में आ गए थे। निकट ही जारा रोसा और परीना हाई राइज सहित 5-6 सोसाइटी और बजघेड़ा गांव की आबादी है। सोसाइटी के फ्लैटों तक आग का धुआं फैल गया, जिससे रेजिडेंट्स की प्रॉब्लम हुई। लोगों में अफरा तफरी का माहौल रहा। प्लास्टिक की वजह से आग बुझाने में हुई परेशानी फायर ब्रिगेड कर्मियों के मुताबिक, यहां ज्यादातर स्क्रैप क्रश करने की फैक्टरियां है, जिनमें लोहे और प्लास्टिक का सामान स्क्रैप के रूप में लाया जाता है। प्लास्टिक की वजह आग बुझाने में काफी दिक्कत आई। हालांकि, आग लगने के साथ ही फैक्ट्री कर्मचारियों ने वहां से सामान निकालना शुरू कर दिया था, ताकि नुकसान ज्यादा ना हो। फायर बिग्रेड अधिकारी बोले- गर्मी में अतिरिक्त सावधानी बरतें फायर बिग्रेड अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने तसल्ली कर ली है कि आग में कोई व्यक्ति या जानवर नहीं फंसा। आग पर काबू पाने के बाद सर्चिंग अभियान चलाया जाएगा। कहा कि गर्मी में आग लगने की संभावना ज्यादा रहती है। इसलिए दुर्घटना संभावित स्थानों पर शॉर्ट सर्किट या चिंगारी से आग लगने से बचाव के उपाय पहले से तैयार रखें। खासकर तेजी से आग पकड़ने वाले गोदाम, फैक्ट्री और घरों में अतिरिक्त सावधानी बरतें।
गुरुग्राम में प्लास्टिक फैक्ट्री-गोदाम में भीषण आग:दूसरे गोदामों तक भी पहुंची, इलाका खाली कराया; 6 सोसाइटी में फैला धुएं का गुबार, मची अफरा-तफरी
