फरीदाबाद में दो परिवारों में पत्थरबाजी, VIDEO:महिलाओं और बच्चों समेत कई घायल; नेहरू कॉलोनी में तनाव, भारी पुलिस तैनात

Spread the love

फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र की नेहरू कॉलोनी में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच पहले मारपीट हुई और इसके बाद एक-दूसरे पर जमकर पत्थरबाजी की गई। इस घटना में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर खुलेआम पत्थरबाजी करते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार सुबह फिर भड़का झगड़ा मिली जानकारी के अनुसार यह घटना मंगलवार सुबह करीब 8 बजे की है। बताया जा रहा है कि कॉलोनी में रहने वाले दो मुस्लिम परिवारों के बीच सोमवार रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। रात में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई हुई थी, लेकिन मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। मंगलवार सुबह दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और विवाद दोबारा शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और फिर दोनों परिवारों ने सड़क पर उतरकर एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पत्थरबाजी इतनी तेज थी कि लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। नशे के कारोबार को लेकर विवाद की आशंका स्थानीय निवासियों का आरोप है कि झगड़े में शामिल कुछ लोग कॉलोनी में अफीम और गांजा जैसे नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री करते हैं। जब कॉलोनी के लोगों ने उन्हें नशा बेचने से रोका और विरोध किया, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने साथियों को बुलाकर हमला कर दिया। बताया गया कि करीब 10 से 12 लोग गली में पहुंचे और मारपीट करते हुए पत्थरबाजी करने लगे। कई लोग घायल, पुलिस ने संभाली स्थिति इस हिंसक झड़प में मतिम, मुन्ना, शकील, साबिर और अजबर नाम के लोगों की भूमिका सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपने बचाव में उन्हें भी पत्थर उठाने पड़े। इस घटना में करीब 8 से 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के आने से पहले ही पत्थरबाजी करने वाले लोग फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और शांति व्यवस्था बहाल कराई। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।