सोनीपत जिले के राई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव जाखौली में आपसी रंजिश या पुराने विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोपियों ने 22 वर्षीय युवक को बेरहमी से पीटने के बाद उसे मरा हुआ समझकर गांव के चौक पर फेंक दिया। फिलहाल वह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। पुलिस ने गांव के ही एक युवक और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जाखौली गांव के रहने वाले तेजपाल ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा हिमांशु (22) शनिवार रात (3 जनवरी) करीब 10 बजे घर पर खाना खा रहा था। उसी समय उसके फोन पर किसी की कॉल आई। हिमांशु घर वालों से ₹20 लेकर मूंगफली लाने की बात कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों को लगा कि वह नीचे बैठक में सो गया होगा। मोबाइल और जूते गायब मिले अगली सुबह करीब 4:30 बजे पड़ोसियों ने सूचना दी कि हिमांशु गांव के चौक पर लहूलुहान और बेहोश हालत में पड़ा है। उसके सिर और शरीर पर गहरे घाव थे, कपड़े भीगे हुए थे और उसके जूते व मोबाइल गायब थे। CCTV फुटेज से खुला राज घटना की जांच के दौरान पुलिस और परिजनों ने गली में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में रात करीब 2:00 बजे एक UP16 नंबर की Kwid गाड़ी (काली छत वाली) दिखाई दी। वीडियो में देखा गया कि गाड़ी से एक लड़का उतरा, उसने सिर पर परना बांधा और डिग्गी खोलकर हिमांशु को सड़क पर फेंक दिया। परिजनों ने आरोपी की पहचान पड़ोसी सतीश उर्फ कलवा के रूप में की है। आरोप है कि सतीश और उसके दोस्तों ने हिमांशु को पहले नहर में डुबाकर मारने की कोशिश की और फिर डंडों से बुरी तरह पीटकर उसे चौक पर फेंक कर फरार हो गए। अस्पताल में जिंदगी की जंग हिमांशु की गंभीर हालत को देखते हुए सोनीपत के सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे PGI रोहतक रेफर किया था, लेकिन परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गए। फिलहाल हिमांशु बयान देने की स्थिति में नहीं है, लेकिन होश में आने पर उसने अपने भाई को आपबीती सुनाई, जिसकी वीडियो भी पुलिस को सौंपी गई है। पुलिसिया कार्रवाई राई थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सतीश उर्फ कलवा और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) (साझा इरादा) के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, MLR में युवक के शरीर पर 8 गंभीर चोटें पाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सोनीपत में युवक की हत्या का प्रयास:कार की डिग्गी से चौक पर फेंकता दिखा पड़ोसी; सुबह बेहोश पड़ा मिला, शरीर पर गहरे जख्म
