चलती थार की खिड़की से बाहर निकलकर बनाई रील,VIDEO:गुरुग्राम-दिल्ली के बीच द्वारका एक्सप्रेसवे की घटना; युवक ने जान जोखिम में डाली

Spread the love

गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर ब्लैक रंग की थार में सवार युवक द्वारा खतरनाक स्टंट करते हुए सोशल मीडिया रील बनाने का मामला सामने आया है। वह खुद के साथ साथ दूसरों की जान जोखिम में डालते हुए चलती गाड़ी की खिड़की से निकलकर वीडियो शूट करता है। वह गुरुग्राम से लेकर दिल्ली सीमा के अंदर तक कई किमी तक इसी तरह की हरकत करता है। पीछे आ रही एक कार के ड्राइवर ने इसका वीडियो बनाना शुरू किया तो वह वापस कार के अंदर घुस गया। हार्दिक नाम के कार ड्राइवर का रील बनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस से कार्रवाई की मांग की। दिल्ली पुलिस ने रिप्लाई कर कार्रवाई की बात कही है। खिड़की से आधा शरीर बाहर निकाला वीडियो में युवक चलती गाड़ी की खिड़की से आधा शरीर बाहर निकालकर वीडियो शूट करता दिखाई दे रहा है। यह स्टंट अत्यंत जोखिम भरा था, क्योंकि हाईस्पीड एक्सप्रेसवे पर ऐसा करना न केवल खुद की जान जोखिम में डालना है, बल्कि अन्य वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा करता है। कई किमी तक बनाता रहा रील वीडियो में युवक ने यह स्टंट गुरुग्राम से दिल्ली बॉर्डर तक कई किलोमीटर तक जारी रखा। पीछे से आ रही एक अन्य कार के चालक ने इस खतरनाक हरकत को देखा और अपना मोबाइल निकालकर वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। रिकार्डिंग का एहसास होने पर अंदर गया जैसे ही युवक को पीछे वाली कार से रिकॉर्डिंग का एहसास हुआ, वह तुरंत गाड़ी के अंदर वापस घुस गया। इसके बाद थार चालक ने स्पीड बढ़ाकर मौके से फरार हो गया, जबकि वीडियो बनाने वाला व्यक्ति भी आगे निकल गया। सोशल मीडिया पर अपलोड किया वीडियो रिकॉर्ड करने वाले शख्स ने इस क्लिप को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया और इसे व्यापक रूप से शेयर किया। साथ ही उन्होंने गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि यह स्टंट न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी है। पुलिस ने शुरू की जांच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस पोस्ट का संज्ञान लेते हुए जवाब दिया कि आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन ऐसे मामलों में आमतौर पर वाहन नंबर के आधार पर चालान काटा जाता है और खतरनाक ड्राइविंग के लिए जुर्माना या लाइसेंस जब्ती जैसी सजा हो सकती है। हालांकि गुरुग्राम में खतरनाक स्टंट करने वालों के खिलाफ एफआईआर करके गिरफ्तारी की जा चुकी है। द्वारका एक्सप्रेसवे स्टंट का स्पॉट बन रहा द्वारका एक्सप्रेसवे रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रेजीडेंट यशीश यादव का कहना है कि द्वारका एक्सप्रेसवे स्टंट के लिए स्पॉट बनता जा रहा है। रील्स और व्यूज के चक्कर में ऐसे स्टंट खतरनाक साबित हो सकते हैं और इन पर सख्ती बरतने की जरूरत है।